
हैदराबाद में फिल्म पुष्पा-2 की स्क्रीनिंग के दौरान भगदड़ के चलते एक महिला की मौत के मामले में पुलिस ने एक्टर अल्लू अर्जुन, थिएटर और सिक्योरिटी एजेंसी पर गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है।
दरअसल, अल्लू अर्जुन बुधवार रात बिना बताए संध्या थिएटर में फिल्म की स्क्रीनिंग के लिए आए थे। थिएटर के बाहर इकट्ठा हुए फैंस अल्लू अर्जुन से मिलने के लिए उतावले हो गए।
बड़ी संख्या में फैंस ने उनके साथ थिएटर में दाखिल होने की कोशिश की। इसके चलते थिएटर में भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी।
भीड़ को कंट्रोल में लाने के लिए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया। भीड़ कम होने के बाद सांस घुटने से बेहोश हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में डॉक्टर ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि 3 लोगों का इलाज चल रहा है।
मृतक के परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 105 (गैर-इरादतन हत्या) और 118(1) (जानबूझकर चोट पहुंचाना) के तहत अल्लू अर्जुन, उनकी सिक्योरिटी टीम और थिएटर मैनेजमेंट के खिलाफ चिक्काडपल्ली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया है।
भगदड़ की 3 तस्वीरें…
अल्लू अर्जुन के फैंस उनसे मिलने आए थे। स्थिति काबू में लाने के लिए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया।
भगदड़ मचने से कई लोग घायल होकर बेहोश हो गए। पुलिस ने उन्हें होश में लाने की कोशिश की।
अपने बेटे के साथ फिल्म देखने आई थी विक्टिम, बेटा भी घायल पुलिस के मुताबिक, विक्टिम की पहचान 35 साल की रेवथी के तौर पर हुई है। वह अपने 13 साल के बेटे श्रीतेज के साथ फिल्म देखने पहुंची थी। भगदड़ में बेटा भी घायल हुआ। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है जहां उसे 48 घंटे के लिए निगरानी में रखा गया है।
अल्लू अर्जुन फैंस से मिलने लेट पहुंचे थे मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्क्रीनिंग के दौरान अल्लू अर्जुन समय पर नहीं पहुंचे थे। इस वजह से फैंस की भीड़ बढ़ती चली गई। अल्लू कार्यक्रम के आखिर में जब संध्या थिएटर पहुंचे तो उन्हें देखने के लिए फैंस बेकाबू हो गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मौके पर तैनात सिक्योरिटी और पुलिस जवानों की संख्या भी उतनी नहीं थी, जितनी सिचुएशन को संभालने के लिए जरूरी थी।
500 करोड़ का बजट, 200 मिनट का रन टाइम, सिनेमाघरों में रिलीज
- पुष्पा-2 500 करोड़ रुपए के बजट में बनी है। यह फिल्म 5 दिसंबर को रिलीज हुई। सेंसर सर्टिफिकेट में कहा गया है कि फिल्म का रनटाइम 3 घंटे 20 मिनट और 38 सेकेंड (200.38 मिनट) है। फिल्म के पहले पार्ट पुष्पा का रनटाइम 2 घंटे 59 मिनट था।
- यह फिल्म तमिल, तेलुगु, हिंदी, कन्नड़, बंगाली और मलयाली भाषा में रिलीज हुई है। ये पहली पैन इंडिया फिल्म है, जो बांग्ला में भी रिलीज हुई है। फिल्म को स्टैंडर्ड, 3D, IMAX, 4DX, D-BOX फॉर्मेट में रिलीज किया गया है।
- पुष्पा 2 के मेकर्स ने क्लाइमैक्स अलग-अलग शूट किए हैं, ताकि फिल्म से जुड़ा कोई स्पॉयलर लीक न हो। शूट किए गए सभी क्लाइमैक्स में से मेकर्स कौन सा फाइनल करेंगे, इसकी जानकारी सेट पर किसी को नहीं दी गई थी। साथ ही सेट पर नो फोन पॉलिसी भी रखी गई थी।
2022 में रिलीज होने वाली थी फिल्म
अल्लू अर्जुन ने साल 2019 में पुष्पाः द राइज (पहला पार्ट) की शूटिंग शुरू की थी। इस वक्त डायरेक्टर सुकुमार ने अनाउंस कर दिया था कि इस फिल्म को दो पार्ट में रिलीज करेंगे। वे 2021 में पहले पार्ट और 2022 में दूसरे पार्ट को रिलीज करना चाहते थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अल्लू अर्जुन और डायरेक्टर सुकुमार के बीच मतभेद के चलते फिल्म की शूटिंग बीच में रोकनी पड़ी थी। 2 साल लेट होने के बाद फिल्म 15 अगस्त को रिलीज होने वाली थी, लेकिन इसे फिर से पोस्टपोन कर दिया गया था।
2021 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म थी ‘पुष्पा’ 2021 में रिलीज हुई ‘पुष्पा: द राइज’ साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म थी। सभी वर्जन मिलाकर इस फिल्म ने इंडिया में 313 और वर्ल्डवाइड 350 करोड़ रुपए का बिजनेस किया था। यह सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तेलुगु फिल्मों की लिस्ट में छठे नंबर पर है।
—————————————-