इंदौर। अक्षय बम के नाम वापसी पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी का बयान

अक्षय बम के नाम वापसी के बाद सोमवार शाम को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन पहुंचे। बम के नाम वापस लेने के चलते यहां कार्यकर्ताओं ने जमकर नाराजगी जताई। संवाददाताओं से चर्चा में पटवारी ने कहा इंदौर बुद्धिजीवियों का शहर है, यह वह शहर है जिसने विधानसभा का चुनाव हो, महापौर के चुनाव हो या फिर लोकसभा का चुनाव, भाजपा को अभूतपूर्व समर्थन दिया है, ताकत दी है।

अब भाजपा ने इस ताकत का गलत इस्तेमाल किया है। भाजपा के लोगों ने इंदौर शहर का अपमान किया है। वोटरों को चुनौती दी है कि लोकतंत्र अपनी जगह ताकतवर है, लेकिन हम कुछ भी कर सकते हैं। उन्होंने कहा अब पार्टी इस मामले में सोच-समझकर निर्णय लेगी।

मोती सिंह का फॉर्म क्यों रिजेक्ट हुआ?

कांग्रेस की ओर से बम के साथ मोती सिंह पटेल ने भी फॉर्म जमा किया था। बी-फॉर्म अक्षय को मिला और उनके फॉर्म में किसी तरह की दिक्कत नहीं थी। इसलिए कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवार जब बम हुए तो पटेल का फॉर्म रिजेक्ट हो गया। पटेल ने भी पार्टी से ही फॉर्म जमा किया था, यदि वे निर्दलीय भरते तो उसमें 10 प्रस्तावक चाहिए थे। पटेल के प्रस्तावक कम थे, इसलिए उनका फॉर्म रिजेक्ट हुआ, नहीं तो वे निर्दलीय भी लड़ सकते थे।

सपा और आप का भी विकल्प नहीं बचा

कांग्रेस उम्मीदवार के जाने के बाद कांग्रेस के पास विकल्प होता सपा या आप प्रत्याशी को समर्थन देने का। लेकिन इंडिया गठबंधन के कारण आप और सपा ने पहले ही अपने प्रत्याशी नहीं उतारे।

प्रत्याशी का हरण कर लिया : पटवारी

अक्षय बम के नाम वापसी के बाद सोमवार शाम को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी कांग्रेस कार्यालय गांधीभवन पहुंचे। संवाददाताओं से चर्चा में पटवारी ने कहा पहले बिहार और अन्य जगहों पर बूथ कैप्चरिंग, बूथ पर विवाद होते हमने देखे, फिल्मों में भी ये देखा लेकिन अब मोदीराज में प्रत्याशी का ही हरण कर लिया, जैसे रावण ने सीता का किया था। इससे लोकतंत्र का बहुत नुकसान हुआ है।

ये दुर्भाग्यपूर्ण, शर्मनाक है। कांग्रेस पार्टी ने इतना बड़ा टिकट दिया, उस व्यक्ति ने ऐसा किया। जरूर भाजपा के लोगों ने कोई दु:खती नस को दबा दिया होगा।
– सुरजीत सिंह चड्‌ढा, अध्यक्ष, शहर कांग्रेस

अक्षय बम फुस्सी बम निकले। विश्वासघात महंगा पड़ेगा। मेरा पूर्वानुमान सच साबित हुआ।
– केके मिश्रा, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस मीडिया विभाग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *