
गुजरात से लौटे पत्नी के हत्यारे को पुलिस टीम ने पकडा
पांच माह पूर्व विवाद के दौरान पति ने कुल्हाडी से किया था हमला
पत्नी की उपचार के दौरान इंदौर में हुई थी मौत
धार ( डाँ.अशोक शास्त्री ) धरमपुरी पुलिस टीम ने ग्राम खलघाट के समीप से हत्यारे को गिरफ्तार किया हैं, आरोपी ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी थी व पुलिस से बचने के लिए गुजरात भाग गया था। घटना के करीब पांच माह बाद आरोपी पुन क्षेञ में लौटा तो पुलिस को सूचना मिली व पुलिस टीम ने तुरंत ही हत्यारे पति को गिरफ्तार कर लिया। टीआई लोकेंद्रसिंह भदौरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना दिनांक 12 मई को धरमपुरी थाना अंतर्गत ग्राम बहादरा में राञि करीब 11 बजे आरोपी किशवर पिता इंदरसिंह उम्र 35 साल का मृत्तिका महिला सजनबाई से अपने घर जाने की बात को लेकर झगडा हुआ। आरोपी कुछ माह से अपने ससुराल रहने आया था, यहां से पुन अपने पिता के घर जाना चाहता था। इसी बात पर नाराज होकर आरोपी ने पत्नी पर कुल्हाडी से हमला कर दिया व मौके से फरार हो गया, घटना के बाद महिला के पिता ने पुलिस को सूचना दी व गंभीर घायल को उपचार के लिए इंदौर लेकर गए। जहां पर उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई, इधर मामले की जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा में प्रकरण दर्ज किया व मामले की जांच शुरु की। किंतु दबिश के बावजूद आरोपी क्षेञ छोडकर ही भाग गया, ऐसे में एसपी आदित्य प्रतापसिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पांच हजार का ईनाम घोषित किया, इसी बीच श्री भदौरिया को आरोपी के गुजरात से लौटने की सूचना मिली। जिसपर कल राञि में आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को गिरफ्तार करने में उनि राजशेखर वर्मा, सउनि अशोक शर्मा, आरक्षक रविंद्र सोलंकी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।