
ग्राम पंचायत सुलावड़ के शासकीय हाईस्कूल में हुआ सदभावना शिविर का आयोजन
धार ( डाँ.अशोक शास्त्री ) विकास खंड नालछा की ग्राम पंचायत सुलावड़ में शासकीय हाईस्कूल परिसर में आज जनजातीय कार्य विभाग द्वारा सद्भावना शिविर का आयोजन किया गया । कार्यक्रम में सांसद छतर सिंह दरबार, कलेक्टर डॉ पंकज जैन, पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह ,अपर कलेक्टर सलोनी सिडाना , एसडीएम नेहा शिवहरे ,सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग ब्रजेश चन्द्र पाण्डेय एवं ग्राम पंचायत सुलावड़ के सरपंच सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित हुए । कार्यक्रम का उद्घाटन अतिथियों द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के द्वारा किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सांसद श्री दरबार द्वारा गांधी जी के जीवन मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए सभी देश में एकता भाईचारा तथा सामाजिक समरसता बनाए रखने के संबंध में बताया गया । कलेक्टर डॉ जैन ने कहा प्रजातंत्र में सभी लोगों की समान भागीदारी का ज़िक्र करते हुए सभी से देश में सामाजिक सद्भाव एवं एकता बनाए रखने हेतु कहा । पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने कहा कि यदि हम देश में बदलाव चाहते हैं तो सबसे पहले हमें स्वयं को बदलना होगा तभी हमारा देश मज़बूत होगा । कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन विकास खंड शिक्षा अधिकारी नालछा द्वारा किया गया।