धार ( डाँ.अशोक शास्त्री ) गंधवानी क्षेत्र के ग्राम खरबयड़ी में बुधवार दोपहर के समय पति व पत्नी में विवाद हो गया, इसी दौरान पति ने पत्नी पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया व मौके से फरार हो गया। गांव के लोगों ने इस बात की सूचना मृत्त महिला के बेटे को दी, ग्राम लेबड़ से बेटा गांव पहुंचा। हत्या की सूचना के आधार पर पुलिस ने मुकेश पिता सुरसिंह की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया हैं, इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए सूचना पर धार से एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची व जांच कर पंचनामा बनाने के साथ ही मर्ग कायम किया गया।
जानकारी के अनुसार जीराबाद चौकी क्षेत्र में गोमंतीबाई पति सुरसिंह उम्र 42 साल की हत्या आरोपी पति सुरसिंह पिता रुखडिय़ा के द्वारा की गई हैं, पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुकेश ने रिपोर्ट में बताया कि मृत्त महिला पिता की दूसरी पत्नी थी। पहली पत्नी की भी मौत हो चुकी थी, आरोपी पिता आए दिन मारपीट करता था। करीब 8 दिन पूर्व लेबड मजदूरी करने चला गया था, तभी गांव के धनसिंह का फोन आया कि तेरी मां की हत्या हो गई है। गांव आकर घर पर देखा तो गोमंतीबाई खटिया पर पडी हुूई थी व शरीर पर चोट के निशान हैं, गांव के लोगों ने बताया कि आरोपी ने हत्या कर घर से बाहर आकर कहा था कि आज मैंने पत्नी की लकडी से पिटाई करके हत्या कर दी है। मामले में अभी आरोपी फरार है, पुलिस जल्द ही उसे गिरफ्तार करके पूरे मामले का खुलासा करेगी।