
इंदौर व बेटमा के जुआरी गिरफ्तार
निर्माणधीन कॉलोनी के अंदर बैठकर खेल रहे थे जुआ
दो लाख 30 हजार नगद सहित दो चार पहिया वाहन जप्त
क्राईम ब्रांच की टीम ने चार दिनों में पांच स्थानों पर की कार्रवाई
दबिश के पहले चार घंटे टीम ने रखी नजर
धार ( डाँ.अशोक शास्त्री )। शहर से महज पांच किलो मीटर दूर स्थित निर्माणधीन कॉलोनी में जुआ खेल रहे कुछ लोगों को धार क्राईम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार किया हैं, यह सभी लोग इंदौर व बेटमा से चार पहिया वाहन में सवार होकर धार आते थे व रात के अंधेरे में जुएं खेलने का काम करते थे। तथा सुबह हाेने के पहले अपने-अपने क्षेञ में निकल जाते थे। उक्त कॉलोनी रोड़ से कुछ अंदर की दूरी पर हैं, जिसके चलते ही अभी तक किसी को शंका इनके जुआ खेलने को लेकर नहीं हुई थी। इधर कल देर रात्रि में जुआरियों के एकत्रित होने की सूचना धार एसपी आदित्य प्रतापसिंह को मिली, इसके बाद डीएसपी मोनिकासिंह की टीम मौके पर पहुंची व आसपास के क्षेत्रों के कुल 12 जुआरियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने कुल 10 लाख रुपए की मश्रुका को जप्त किया है। इधर दबिश के दौरान क्राईम ब्रांच की टीम को काफी मशक्कत का सामना भी करना पड़ा, करीब सवा चार घंटे तक टीम ने दबिश वाले स्थान पर नजर रखी व निर्माणधीन कॉलोनी के गेट के समीप कार्रवाई की है। पुलिस ने अल सुबह करीब 4 बजे मामले में प्रकरण दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार नौगांव थाना अंतर्गत निर्माणधीन श्री कृष्णकुंज कॉलोनी ग्राम पीपलखेड़ा में कल रात्रि के समय क्राईम ब्रांच की टीम ने दबिश दी, यहां पर सभी आरोपी हार-जीत का दाव लगाकर जुआ ताश पत्तों के माध्यम से खेल रहे थे। डीएसपी श्रीमती सिंह ने बताया कि अब्दुल पिता गफ्फर, रेहान पिता सौकत, मोहम्मद फरीद पिता शादिर, शाहनवाज पिता मो. सफी, दिनेश पिता बाबूलाल, शाहिद पिता हमीद, राजू पिता रामनिवास, जिलानी पिता सलीम, आशिफ पिता ईस्माईल ईलियास पिता मोहम्मद, नईम पिता हबीब, इमरान पिता कयुमुद्दीन को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी बेेटमा व इंदौर के अलग-अलग क्षेञों के निवासी है। पुलिस ने इनके पास से दो लाख 30 हजार रुपए नगद, मारुति वैन, स्विफ्ट डिजायर कार, 12 मोबाईल जप्त किए है। सभी आरोपियों के खिलाफ नौगांव पुलिस ने जुआ एक्ट के तहत प्रकरण भी दर्ज किया है। धार क्राईम ब्रांच की टीम ने पिछले चार दिनों में यह पांचवी बड़ी कार्रवाई को अंजाम देकर जुआरियों को गिरफ्तार किया है।