
नशेडी मोबाइल टावर पर चढा
कूपन नहीं बनने से नाराज था युवक
पुलिस की समझाईश के बाद स्वयं ही नीचे उतरा

धार ( डाँ.अशोक शास्त्री ) ग्राम कोद में दोपहर के समय 35 वर्षीय युवक अचानक मोबाइल के टावर पर चढ गया, टावर के सबसे ऊपरी हिस्से पर युवक को देख ग्रामीणों ने तुरंत डायल 100 व कानवन पुलिस को सूचना दी। इसके बाद टीआई दीपक सिंह चौहान मौके पर पहुंचे व ग्रामीणों की भीड़ को टावर के नीचे से हटाया गया व सुरक्षा के साधन तुरंत कानवन पुलिस ने मौके पर बुलाए। साथ ही पुलिस अधिकारियों ने युवक को करीब 25 मिनट तक समझाईश दी, इसके बाद युवक पुलिस की बात को समझ कर स्वयं ही नीचे उतर गया। इधर युवक को टावर पर चढा हुआ देखने के लिए बडी संख्या में ग्रामीणों की भीड लग गई थी, युवक करीब एक घंटे तक टावर के ऊपरी हिस्से पर रहा व कूदने को लेकर बार-बार नाटक भी करता रहा।
4 बार काटे चक्कर नहीं बना कूपन
पुलिस की समझाइश के बाद कमल पिता बनेसिंह उम्र 35 साल को नीचे उतारा गया, इसके बाद टीआई ने युवक से बातचीत कर परेशानी पूछी। जिस पर कमल ने बताया कि शासकीय योजनाओं का लाभ उसे नहीं मिल रहा हैं, इसके लिए उसे कूपन बनवाना है। किंतु चार बार कार्यालय जाने के बाद भी उसका काम नहीं हुआ। इससे ही आहत होकर कमल टावर पर चढ गया, पुलिस ने युवक को जल्द कूपन बनवाने में मदद करने का आश्वासन देकर घर भेज दिया है। युवक कमल आमतौर पर शराब के नशे में प्रतिदिन रहता हैं, तथा उसका आधार कार्ड नहीं बना होने के कारण कूपन नहीं बन पा रहा है।
इनका कहना है
कमल नाम का युवक टावर पर चढ गया था, जिसे समझाइश देकर नीचे उतारा गया है। युवक कूपन नहीं बनने की बात पर टावर पर चढ गया था। युवक को घर भेज दिया गया है।
दीपक चौहान, टीआई, कानवन