
200 करोड़ रुपए कीमत की जमीन धोखाधड़ी के आरोपी की बिगडी तबीयत
डॉक्टर का कहना- मेजर अटैक, अस्पताल में उपचार जारी
41 दिन जेल में रहने के बाद कल ही हाईकोर्ट से मिली थी जमानत
धार ( डाँ.अशोक शास्त्री ) जनकल्याण के लिए मिली जमीन सेंट टेरेसा की क्रय-विक्रय करने के मामले में शामिल आरोपी व अभिभाषक विवेक तिवारी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें कल देर रात्रि में ही निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। इसके बाद उपचार शुरु हुआ, इधर तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में समाज के लोग व अभिभाषक संघ के पदाधिकारी रविवार सुबह निजी अस्पताल पहुंचे। हालांकि अभी अस्पताल में भर्ती आरोपी तिवारी से ज्यादा लोगों को मिलने नहीं दिया जा रहा है, साथ ही सुबह 10 बजे हुए चेकअप के अनुसार विवेक तिवारी का स्वास्थ्य में सुधार आ गया है।
घर पहुंचने के बाद बिगड़ी तबीयत
दरअसल 28 नवंबर को 200 करोड़ रुपए कीमत की जमीन को लेकर पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया था, मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। शनिवार को ही इस मामले में अभिभाषक विवेक तिवारी सहित पांच अन्य महिलाओं को कोर्ट से 41 दिन बाद जमानत मिली थी, जिसके बाद धार जिला जेल से जमानत के आधार पर रिहा कर दिया गया था। रात्रि में भोजन करने के कुछ देर बाद अचानक तिवारी का तबीयत बिगडी, जिसके बाद परिजनों ने पहले डॉक्टर को घर पर बुलाया। जिसके बाद शहर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां पर डॉक्टर दीपक नाहर ने प्राथमिक उपचार दिया। डॉक्टर नाहर ने बताया कि मरीज को मेजर अटैक आया था। इसके चलते शाॅक देने के बाद अब थोडा ठीक हैं, किंतु अभी अस्पताल में ही भर्ती होने के साथ उपचार चल रहा है। अभिभाषक को वीटी होने के चलते थोडी दिक्कत हुई थी।