
मध्य प्रदेश में 1 फरवरी 2022 से स्कूल दोबारा से खोले जाएंगे या नहीं, इस पर अब तक फैसला नहीं हो पाया है। इसी बीच मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होने कहा कि मध्य प्रदेश में कोरोना की रफ्तार कम हो रही है, आज सीएम शिवराज सिंह चौहान चर्चा करेंगे, उसके बाद फैसला किया जाएगा।इधर स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने बैठक बुलाई है। इससे पहले गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा था कि फिलहाल 31 जनवरी तक स्कूल बंद है लेकिन इस पर आगे निर्णय लिया जाएगा।
गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमण लगातार काबू में आता जा रहा है।पिछले 24 घंटों में कोरोना के 8,062 नए मामले ही आए, जबकि 10,748 लोग रिकवर हुए। संक्रमण दर घटी है । वर्तमान में संक्रमण दर 10.82% और रिकवरी रेट 91.08% है।मध्य प्रदेश में अब एक्टिव केस 60,609 रह गए हैं, जिसमें 1,233 पुलिसकर्मी शामिल हैं।वही मध्य प्रदेश मे स्कूल खुलने पर बने हुए सस्पेंस पर गृह मंत्री ने कहा कि आज सीएम चर्चा करेंगे, उसके बाद फ़ैसला होगा।
इससे पहले शनिवार को कोरोना समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान )ने कहा था कि कोरोना के एक्टिव केस तीन दिन से लगातार घट रहे हैं। प्रदेश के बड़े शहरों इंदौर, भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर में कोरोना के केस कम होने लगे हैं। अस्पतालों में बहुत ही कम संख्या में कोरोना के मरीज भर्ती हैं। स्कूल खोलने के संबंध में विशेषज्ञों से विचार-विमर्श किया जाएगा और फिर आगे निर्णय लिया जायेगा। विशेषज्ञों से भी सलाह ली जायेगी। पूरा विचार-विमर्श करने के बाद ही स्कूल खोले जायेंगे।