गुना पुलिस हत्याकांड में एक और आरोपी का एनकाउंटर ,लोकेशन मिलने के बाद निशाने पर था बदमाश

गुना पुलिस ने पुलिस हत्याकांड मामले में फरार चल रहे आरोपी छोटू पठान को मंगलवार सुबह हरिपुर के जंगल में ढेर कर दिया। पुलिस को आरोपी की देर रात रुठियाई इलाके में लोकेशन मिली थी. इसके बाद पुलिस आरोपी की सर्चिंग में लग गई. मौका पाकर सुबह आरोपी को हरिपुरा के जंगल में ढेर कर दिया गया. यह पुलिस का तीसरा एनकाउंटर है. इससे पहले पुलिस ने शहजाद खान को बिदोरिया के जंगल में मारा था.

धरनावदा थाना क्षेत्र के हरीपुरा और भदोडी के जंगल में सुबह 4:00 से 5:00 के बीच आरोपी के मूवमेंट की सूचना मिली और पुलिस लगातार सर्चिंग के दौरान इस क्षेत्र में थी. आमने-सामने की गोलीबारी में आरोपी ढेर किया गया. इस आरोपी का नाम छोटू पठान बताया जा रहा है.

शहजाद-नौशाद के पिता-भाई पर भी FIR
गुना पुलिस हत्याकांड में दो और आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने नौशाद और शहजाद के पिता निसार खान और बड़े भाई सिराज खान पर FIR की है। इन्हें नौशाद का शव छिपाने और सरकारी राइफल फेंकने का आरोपी बताया गया है। घटना के दो दिन बाद गिरफ्तारी दिखाई गई, जबकि इन्हें उसी दिन सुबह पुलिस घर से उठा ले गई थी। राइफल बरामद होने की कहानी भी समझ से परे है। रविवार को दो कुओं में दिनभर पुलिस और SDERF की टीम ने सर्चिंग की थी। देर रात तक राइफल बरामद नहीं हो सकी थी। सोमवार को अचानक पुलिस ने इसी कुएं से राइफल बरामद होने की बात कही है।

अब तक ये कार्रवाई हुईः पुलिस ने मामले में 9 को नामजद आरोपी बनाया है. अब तक 3 आरोपी नौशाद, शहजाद और छोटू पठान को मुठभेड़ में मार गिराया गया है. 4 को गिरफ्तार किया है. वहीं 2 आरोपी फरार बताये जा रहे हैं. पुलिस पर हमले के आरोपी सोनू उर्फ शफाक खान और मोहम्मद जिया खान को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है. इन दोनों ने भागने की कोशिश की. पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर में इनके पैर में गोली मारी थी. आरोपी गुल्लू खान उर्फ गोलू और विक्की उर्फ दिलशाद फरार हैं. नौशाद और शहजाद के भाई सिराज खान और पिता निसार खान को सोमवार को गिरफ्तार किया गया है.

क्या था मामलाः गुना में शुक्रवार तड़के 5 से ज्यादा शिकारियों ने 3 पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस मुठभेड़ में एक शिकारी नौशाद खान भी मारा गया था. पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद पुलिस एक्शन में आई. हालांकि, आधिकारिक पुष्टि अभी सिर्फ शहजाद की ही हुई है, जो कि वारदात वाली रात मारे गए नौशाद का भाई है. शनिवार देर शाम हुए शहजाद के एनकाउंटर में धीरेंद्र गुर्जर नाम का पुलिसकर्मी भी घायल हो गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *