
रिटायर्ड DSP की सड़क हादसे में मौत…:हार्ट पेशेंट थे DSP शैलेंद्र सिंह जादौन, ग्वालियर से इंदौर इलाज कराने जा रहे थे, अनियंत्रित होकर एंबुलेंस पलटी
ग्वालियर पुलिस विभाग में पूर्व में डीएसपी के पद पर पदस्थ रह चुके रिटायर्ड डीएसपी शैलेंद्र सिंह जादौन की एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई बताया जा रहा है कि वह हार्ट के पेशेंट थे और अपना इलाज कराने के लिए अपने परिजनों के साथ एंबुलेंस में सवार होकर ग्वालियर से इंदौर जा रहे थे तभी शनिवार-रविवार रात के दरमियान बीना के बीनागंज नेशनल हाईवे नंबर 46 चाचौड़ा इलाके के कोटरा गांव के पास उनकी एंबुलेंस अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे जा पलटी जिससे रिटायर्ड डीएसपी शैलेंद्र सिंह जादौन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

पत्नी दामाद सहित एंबुलेंस स्टाफ हुए घायल
वही इस सड़क हादसे में उनकी पत्नी उर्मिला जादौन, दामाद राजू सिंगर और एंबुलेंस में सवार एंबुलेंस स्टाफ के कुछ लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर बीनागंज थाने की पुलिस मौके पर जा पहुंची थी जहां घायलों को बीनागंज अस्पताल एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए पहुंचाया गया वही एंबुलेंस चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। फिलहाल बीनागंज पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतक डीएसपी शैलेंद्र सिंह जादौन के शव का पीएम कराकर उनके शव को उसके परिवार को सौंप दिया गया है। वही सोमवार(आज)सुबह ग्वालियर में मृतक डीएसपी शैलेंद्र सिंह जादौन का अंतिम संस्कार किया जाएगा।