ऑक्सिजन सपोर्ट पर है मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल

मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें शनिवार रात नौ बजे भोपाल के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में एडमिट कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक राज्यपाल को तीन दिन से खांसी, बुखार और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत हो रही थी। जिसके बाद उन्हें एम्स में भर्ती किया गया है। रविवार सुबह एम्स प्रबंधन ने उनका हेल्थ बुलेटिन जारी किया। उनकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है। ऑक्सीजन लेवल 98% रखने के लिए उन्हें प्रति मिनट ऑक्सीजन दी जा रही है।

ऑक्सीजन सपोर्ट पर गर्वनर:-एम्स के मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ.रजनीश जोशी के साथ ट्रीटमेंट कर रही टीम के मुताबिक भर्ती होने के वक्त राज्यपाल को बुखार था। जांच में उनका बॉडी टेम्प्रेचर 101 डिग्री, हार्ट बीट (ह्रदय गति) 94 प्रति मिनट और ऑक्सीजन लेवल 93% दर्ज किया गया था। जांच के तुरंत बाद उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट दिया गया और जांचें कर इलाज शुरू किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक इलाज के बाद राज्यपाल ने रात में भोजन करने के बाद अच्छी नींद ली।

CM ने एम्स पहुंचकर जाना हाल:-सीएम शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को एम्स पहुंचकर राज्यपाल मंगू भाई की सेहत के बारे में जानकारी ली। सीएम ने एम्स के डायरेक्टर डॉ. अजय सिंह से मिलकर राज्यपाल के उपचार के संबंध में चर्चा की।

लंग्स में इन्फेक्शन, लेकिन बुखार नहीं:-डॉक्टरों ने बताया कि राज्यपाल के लंग्स में इन्फेक्शन है। फेफड़ों के संक्रमण को कंट्रोल करने के लिए दवाएं दी जा रही हैं। रविवार सुबह 8 बजे जांच करने पर उनका ब्लड प्रेशर 144/72 mmHg, पल्स 86 प्रति मिनट और शरीर का तापमान 98.4 डिग्री आया है। उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है, और प्रति मिनट 2 लीटर ऑक्सीजन दी जा रही है, जिससे लेवल 98% बना हुआ है। रविवार सुबह 09:00 बजे उनका सीटी स्कैन किया गया। इस दौरान एम्स के डायरेक्टर डॉ. अजय सिंह, अधीक्षक और मेडिसिन विभाग के प्रमुख के साथ सीटी स्कैन लैब में मौजूद रहे। मेडिसिन विभाग के प्रमुख प्रो. (डॉ.) रजनीश जोशी के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम गर्वनर की निगरानी में लगी है।

लगातार दौरों से बिगड़ा स्वास्थ्य:-राज्यपाल मंगू भाई पटेल लगातार कई जिलों का दौरा कर रहे थे। उज्जैन, रतलाम, आगर- मालवा सहित तमाम जिलों में जाकर कार्यक्रमों में भाग ले रहे थे। 18 अगस्त को वे आगर-मालवा जिले की नलखेड़ा तहसील के लसूडिया गांव में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए थे। इसके बाद उनका स्वास्थ्य बिगड़ने लगा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *