
सागर में सिरफिरा सीरियल किलर घूम रहा है। इसके निशाने पर चौकीदार हैं। ये ड्यूटी के दौरान सोते मिलने वाले चौकीदारों को मौत के घाट उतार रहा है।
आरोपी अब तक सिलसिलेवार ढंग से चार चौकीदारों की हत्या कर चुका है। चारों हत्याओं का तरीका एक सा होने की वजह से पुलिस सीरियल किलिंग की आशंका जता रही है। सनसनीखेज हत्याओं के बाद लोगों में डर और दहशत का माहौल है।
संदिग्ध आरोपी का स्कैच जारी
जिन क्षेत्रों में चौकीदारों की हत्या हुई है वहां से मिले सीसीटीवी फुटेज में पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति मिला है, जिसने सफेद शर्ट और हाफ पैंट पहना है। पुलिस ने आरोपी का स्कैच भी जारी किया है और उसकी काफी तेजी से तलाश की जा रही है। बुधवार रात पुलिस ने मोतीनगर थाना क्षेत्र के जंगल में आरोपी की तलाश की लेकिन फिलहाल कोई सुराग हाथ नहीं लगा। एडिशनल एसपी विक्रम सिंह कुशवाहा ने कहा कि संदिग्ध की तलाश जारी है। पुलिस को कैंट और सिविल लाइन की हत्या के मामले में एक ही आरोपी की जानकारी मिली है। जिसे मोतीनगर थाना इलाके में भी देखा गया है।
सोते हुए चौकीदारों को बना रहा निशाना
अब तक हुई चारों हत्याओं में आरोपी ने उन्हीं चौकीदारों को निशाना बनाया है जो कि सो रहे थे। आरोपी अपने साथ कोई हथियार नहीं लाता न ही हत्या करने के बाद किसी तरह की कोई लूटपाट करता है, बल्कि घटनास्थल पर जो भी औजार मिलता है उसी से चौकीदारों को मौत की नींद सुला देता है और सिर्फ उनका मोबाइल फोन साथ ले जाता है। आरोपी मोबाइल ले जाने से पहले सिम कार्ड निकाल कर वहीं फेंक देता है।
इन चार जगह हुई हत्याएं
आरोपी ने कैंट थाना क्षेत्र के भैंसा में कारखाने में सो रहे चौकीदार के सिर पर हथौड़ा मारकर, आर्ट एंड कॉमर्स कॉलेज के चौकीदार के सिर पर पत्थर पटककर उसकी हत्या कर दी। वहीं, मोतीनगर थाना क्षेत्र के रतौना में एक निर्माणाधीन मकान में रात के समय सो रहे व्यक्ति मंगल पर फावड़े से जानलेवा हमला किया, मंगल को घायल अवस्था में इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया था, लेकिन उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। कुछ महीनों पहले मई में मकरोनिया थाना क्षेत्र में भी निर्माणाधीन ब्रिज के नीचे सोते समय चौकीदार की हत्या की गई थी। चारों ही हत्याओं का पैटर्न एक जैसा होने के चलते इनके पीछे किसी सीरियल किलर के होने का अंदेशा जताया जा रहा है।
सीरियल किलिंग के एंगल से जांच कर रही पुलिस
पुलिस फिलहाल सीरियल किलिंग के एंगल से मामले की जांच में जुटी है। पुलिस को सोमवार की रात आर्ट एण्ड कॉमर्स कॉलेज के कैंटीन भवन में चौकीदार शंभूदयाल दुबे का शव मिला था। चौकीदार की हत्या सिर पर पत्थर पटककर की गई है। वहीं,पुलिस को जांच के दौरान घटनास्थल से एक मोबाइल फोन मिला है, जिसे पुलिस शंभूदयाल दुबे का मान रही थी, लेकिन वहां मिला मोबाइल कैंट थाना क्षेत्र के भैंसा में शनिवार रात हुई वारदात में मारे गए चौकीदार कल्याण लोधी का निकला है। इसके बाद से पुलिस को इन हत्याओं के पीछे सीरियल किलिंग होने की आशंका पुख्ता होती दिख रही है। एसपी तरुण नायक ने कहा कि पुलिस हत्या के मामलों में जांच कर रही है। जनता से अपील है कि वारदातों के संबंध में किसी को कोई सुराग और जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। उसका नाम गोपनीय रखा जाएगा। रात के समय भी कोई संदिग्ध नजर आए तो तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें।
सागर का सीरियल किलर को गुरुवार-शुक्रवार रात को सागर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को सागर पुलिस ने मोबाइल लोकेशन से भोपाल में गिरफ्तार किया। आरोपी का आधार कार्ड में नाम शिवप्रसाद है। वह सागर के केसली गांव का रहने वाला है। आरोपी बाहर सोने वाले चौकीदारों के सिर पर वार कर हत्या कर देता था। आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है। खास बात यह है कि आरोपी ने सागर पुलिस की पकड़ में आने से पहले गुरुवार रात भोपाल में मार्बल दुकान के चौकीदार की हत्या कर दी।
मृतक चौकीदार के मोबाइल से पकड़ाया
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि आरोपी ने तीसरी हत्या करने के बाद मृतक का मोबाइल लेकर आ गया था। जिसकी लोकेशन से सागर पुलिस आरोपी का पीछा कर रही थी। आरोपी को पकड़ने से पहले उसने भोपाल में एक हत्या की। जिसे उसने पुलिस की पूछताछ में कबूल किया। पुलिस शिनाख्त में उसकी बात सही साबित हुई। मिश्रा ने कहा कि सभी अंधे कत्ल थे। कठिन टॉस्क था। उन्होंने सागर पुलिस को बधाई दी। जानकारी के अनुसार सागर पुलिस ने आरोपी को खजूरी सड़क थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से अभी और पूछताछ कर रही है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पैसे और मोबाइल चोरी करने हत्या करता था। हालांकि अभी सागर पुलिस पूछताछ कर रही है। इस मामले को लेकर पुलिस प्रेस कॉफ्रेंस करेंगी।