गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का शबाना आजमी पर करारा हमला, कही ये. बड़ी बात

प्रदेश के गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा अक्सर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। अब एक बार फिर वह एक बयान को लेकर चर्चा में हैं। दरअसल, बॉलीवुड अभिनेत्री शबाना आजमी ने गुरुवार को बिलकिस बानो सामूहिक दुष्कर्म के दोषियों की रिहाई को लेकर नाराजगी जताई थी। इस पर नरोत्तम मिश्रा ने शबाना आजमी, जावेद अख्तर और नसीरुद्दीन शाह को ‘टुकड़े-टुकड़े’ गैंग का एजेंट और स्लीपर सेल करार दिया है।

गैर भाजपा शासित राज्यों में अपराध नहीं दिखता:-शुक्रवार को  गृह मंत्री ने मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा जब गैर भाजपा राज्य में अपराध होते हैं तो ये लोग एक शब्द भी नहीं बोलते हैं। क्योंकि इन्हें सिर्फ भाजपा शासित राज्यों में अपराध दिखते हैं। इन सभी को देश में रहने में डर लगने लगेगा। यह सभी लोग गला फाड़-फाड़ कर चिल्लाने लगेंगे।

झारखंड और उदयपुर मामलों पर चुप्पी क्यों:-गृह मंत्री ने आगे कहा कि झारखंड में जब एक नाबालिग लड़की को जिंदा जला दिया तो ये लोग चुप क्यों थे, राजस्थान में कन्हैया लाल की हत्या पर एक शब्द भी क्यों नहीं कहा? नरोत्तम मिश्रा ने शबाना आजमी और नसीरुद्दीन शाह जैसे लोगों को टुकड़े-टुकड़े गैंग के स्लीपर सेल के एजेंट बताया और कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों में हो रही घटनाओं पर ये लोग मौन रहते हैं। आगे उन्होंने कहा कि ये वही लोग हैं जिन्होंने अवॉर्ड वापसी की पहल की थी। अब ऐसे लोगों की कलई खुल चुकी है।

बिलकिस बानो पर बोलीं शबाना आजमी:-बता दें कि गुरुवार को एक निजी न्यूज चैनल से बात करते हुए अभिनेत्री शबाना आजमी ने कहा था कि बिलकिस बानो ने हिम्मत नहीं हारी। वह पूरे रास्ते लड़ी। उसने इन लोगों को दोषी ठहराया और जैसा कि उसके पति ने कहा कि जब वह अपना जीवन सामान्य तरीके से जीने वाली थी, तभी न्याय का यह बड़ा मजाक हो गया।

अदालत ने दोषियों को रिहा किया:-गौरतलब है कि बिलकिस बानो के साथ सामूहिक दुष्कर्म और उसके परिवार के सात सदस्यों की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा पाने वाले 11 लोगों को गुजरात सरकार ने अपनी छूट नीति के तहत रिहा करने की अनुमति दे दी, जिसके बाद 15 अगस्त को सभी दोषी गोधरा उप-जेल से बाहर निकल गए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *