रणबीर-आलिया नहीं कर सके महाकाल के दर्शन:हिंदू संगठनों के विरोध के बाद लौटना पड़ा, 11 साल पुराने बीफ वाले बयान पर हुआ विरोध – देखे विडीओ

फिल्म अभिनेता रणबीर कपूर और अभिनेत्री आलिया भट्ट मंगलवार को भगवान महाकाल के दर्शन करने उज्जैन पहुंचे। उनके मंदिर पहुंचने की सूचना पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं का विरोध शुरू हो गया। कार्यकर्ता मंदिर परिसर पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी।बॉलीवुड कपल आलिया भट्‌ट और रणबीर कपूर हिंदू संगठनों के विरोध के बाद बिना दर्शन किए ही वापस लौट गए। हालांकि उनके साथ आए फिल्म डायरेक्टर अयान मुखर्जी ने मंदिर के गर्भगृह में पहुंचकर दर्शन और पूजा की। अयान को हिंदू संगठनों ने काले झंडे दिखाए।

रणबीर, आलिया और अयान मुखर्जी अपनी फिल्म ब्रह्मास्त्र के लिए महाकाल से आशीर्वाद लेने उज्जैन आए थे, लेकिन जब उन्हें मंदिर में विरोध और हंगामे की खबर मिली, तो वे वापस लौटने लगे। इसी बीच रास्ते में उनके पास उज्जैन कलेक्टर आशीष सिंह का कॉल आया। जिसके बाद तीनों सीधा उज्जैन कलेक्टर के बंगले पहुंचे। हंगामा शांत होने के बाद सिर्फ डायरेक्टर अयान ही मंदिर गए और दर्शन किया। चूंकि आलिया प्रेग्नेंट हैं और हंगामे की वजह से उन्हें धक्का न लग जाए, इसीलिए उन्होंने जाने से मना कर दिया। रणबीर भी नहीं गए।

 

पुलिस ने विहिप और बजरंग दल कार्यकर्ताओं को खदेड़ा इससे पहले रणबीर-आलिया के आने की खबर मिलने के बाद हिंदू संगठन के कार्यकर्ता काले झंडे दिखाने के इरादे से मंदिर के बाहर जमा हो गए थे। हालांकि पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए उन्हें खदेड़ दिया था। बजरंग दल कार्यकर्ताओं का कहना था कि रणबीर खुद बता चुके हैं कि उन्हें बीफ (गोमांस) पसंद है। ऐसे में बीफ खाने वालों को मंदिर में कैसे प्रवेश दिया जा रहा है, प्रशासन को जवाब देना होगा।

शाम को इंदौर पहुंचे, वहां से उज्जैन आए
स्टार कपल शाम 6.30 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर उतरे, फिर यहां से उज्जैन के लिए रवाना हुए थे। दोनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ की सफलता के लिए आशीर्वाद मांगने आए थे। फिल्म के डायरेक्टर अयान मुखर्जी भी उनके साथ थे। इससे पहले कपल ने एक वीडियो जारी कर उज्जैन आने की जानकारी दी थी। दोनों ने इसी साल 14 अप्रैल को शादी की थी।

11 साल पहले का वीडियो हुआ वायरल
ब्रह्मास्त्र की रिलीज से पहले रणबीर के एक पुराने इंटरव्यू की क्लिप वायरल हुई, जिसमें वे कह रहे हैं कि उन्हें बीफ (गोमांस) खाना बहुत पसंद है। हालांकि रणबीर ने ये इंटरव्यू 11 साल पहले यानी 2011 में दिया था। जिसमें उन्होंने कहा था, ‘मुझे मटन, पाया, बीफ, रेड मीट बहुत पसंद है। मुझे बीफ खाना बहुत पसंद है।’ हालांकि ये भी दावा किया जा रहा है कि इस वीडियो को एडिट किया गया है।

9 सितंबर को रिलीज होगी आलिया-रणबीर की फिल्म
रणबीर कपूर और आलिया भट्ट इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘ब्रह्मास्‍त्र’ के प्रमोशन में भी बिजी हैं। यह फिल्म तीन हिस्सों में बनी है। ‘ब्रह्मास्त्र’ का पहला पार्ट 9 सितंबर को रिलीज होगा। इसे अयान मुखर्जी ने डायरेक्ट किया है। फिल्म में रणबीर और आलिया के अलावा अमिताभ बच्चन, मौनी रॉय, डिम्पल कपाड़िया और नागार्जुन अक्किनेनी भी लीड रोल में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *