
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने प्रदेश में गरबा आयोजन को लेकर हाल ही में बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि गरबा आयोजक पंडाल में आने वाले सभी लोगों की आईडेंटिटी चेक करें। यह शक्ति की आराधना का पर्व है, मां की पूजा के दिन है। आई कार्ड देखना जरूरी है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित ना हो।
पूजा के लिए सभी आ सकते हैं, मां की आराधना कर सकते हैं।
वहीं, कांग्रेस में अध्यक्ष पद को लेकर बनी स्थिति पर नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस डूबता जहाज है, कोई अध्यक्ष बनना ही नहीं चाहता। किसी को जबरदस्ती अध्यक्ष बना दे तो अलग बात है। जब से भारत जोड़ो यात्रा शुरू हुई है कोई ना कोई कांग्रेस छोड़ रहा है। पीएफआई की कार्रवाई को लेकर गृहमंत्री ने कहा कि चार लोग अब तक गिरफ्तार हुए हैं। फिलहाल सभी से पूछताछ की जा रही है। कॉल डिटेल निकाली जा रही है। उनके संपर्क में और कौन लोग थे यह जांच की जा रही है। जांच के बिंदु निर्णय पर आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
नरोत्तम मिश्रा ने पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के आरएसएस को लेकर दिए बयान पर पलटवार किया और कहा कि संघ राष्ट्रवादी संगठन है, दिग्विजय सिंह के प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है। दिग्विजय सिंह की सोच जाकिर नाइक तक ही सीमित है।