अस्पताल में सिंधिया समर्थक मंत्री:मरीजों के पैर दबाए, रातभर स्टूल पर बैठे; सुबह चाय पिलाई – देखें वायरल वीडियो

MP के एक मंत्री अपने अनोखे अंदाज के कारण हमेशा चर्चा में रहते हैं। हाथों से टायलेट सफाई… पोल पर चढ़कर बिजली सुधारना… नालों में उतरकर सफाई करने के बाद अब वे मरीजों के पैर दबाते नजर आ रहे हैं।

 

 

हम बात कर रहे हैं शिवराज सरकार में ऊर्जा मंत्री और ग्वालियर में सिंधिया समर्थक विधायक प्रद्युम्न सिंह तोमर की, जिन्होंने हाल ही में पूरी रात हजीरा सिविल अस्पताल में मरीजों की सेवा करते हुए गुजारी। यहां दस दिवसीय नेत्र शिविर लगा है। पहले दिन कई लोगों का ऑपरेशन हुआ तो मंत्री उनके बीच पहुंच गए। यहां उन्होंने बुजुर्ग मरीजों को दवा खिलाई और इसके बाद रात भर एक स्टूल पर बैठकर उनका ख्याल रखा।

माई कहकर बुजुर्ग महिला के पैर दबाए
सिविल अस्पताल में ऊर्जा मंत्री तोमर के सहयोग से 10 दिवसीय नेत्र परीक्षण व मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर लगाया गया है। सोमवार को शिविर के पहले दिन 30 बुजुर्ग महिला-पुरुषों का ऑपरेशन किया गया। जिनका हाल-चाल जानने ऊर्जा मंत्री रात करीब 11 बजे सिविल हॉस्पिटल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एक बुजुर्ग महिला मरीज से उसका हाल पूछा।

महिला ने बताया कि पैर में दर्द के कारण नींद नहीं आ रही है। जवाब सुनते ही ऊर्जा मंत्री तोमर ने माई कहकर उनके चरण पकड़े और दबाने शुरू कर दिए। करीब 15 मिनट तक वह बुजुर्ग महिला के पैर दबाते रहे। महिला यही कहती रही आप रहने दो। जब महिला को आराम मिला तो वह आगे बढ़े। इसी बीच वहां भर्ती ओमप्रकाश नाम के मरीज की दवा का समय हो गया था तो मंत्री ने उसे दवा दी। तोमर सभी मरीजों के पास पहुंचे और उनकी खैरियत पूछी।

रात भर एक स्टूल पर बैठे रहे
मरीजों की देखरेख करते समय ऊर्जा मंत्री रात भर एक स्टूल पर बैठे रहे। लोग यही देख रहे थे कि प्रद्युम्न सिंह तोमर प्रदेश में ऊर्जा मंत्री हैं। सिंधिया समर्थक होने से सरकार में वजन भी है। इसके बाद भी इतने सरल स्वभाव से यहां बैठकर मरीजों की देख करते हैं।

अपने हाथों से अस्पताल में बांटी चाय
इसके बाद ऊर्जा मंत्री तोमर ने मंगलवार सुबह अपने हाथों से अस्पताल में भर्ती मरीजों को अपने हाथों से चाय बांटी और बिस्किट खिलाए। वह लगातार हर मरीज के पास पहुंचकर उनको चाय पिलाते हुए नजर आए। यह देखकर मरीजों ने उन्हें खूब आशीर्वाद दिया।

सर्दी में नंगे पैर बैठे रहे
हाल ही में ऊर्जा मंत्री तोमर ने उनके विधानसभा की तीन सड़कों के न बनने पर चप्पल-जूते त्यागी दिए थे। अभी तक उन्होंने जूते-चप्पल नहीं पहने हैं। रात भर वह नंगे पांव ही अस्पताल में इस ठंड में बैठे रहे। इस पर भी लोग उनकी सराहना करते हुए नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *