मध्य प्रदेश : पति ने पत्नी के बेडरूम वाले VIDEO वायरल किए:दहेज में बुलेट दी तो कार मांगी; झगड़ा हुआ तो हरकत की

ग्वालियर में पति-पत्नी के बीच का झगड़ा इस हद तक पहुंच गया कि पति ने पत्नी के साथ बेडरूम में बनाए VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। यह VIDEO बेहद आपत्तिजनक हैं। जब महिला को उसके दोस्तों और रिश्तेदारों से इन VIDEO के वायरल होने की खबर मिली तो उसने विरोध किया। जिस पर पति ने उसे जान से मारने की धमकी दी।

मामला उपनगर ग्वालियर की मछली मंडी का है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। साथ ही आरोपी की तलाश की जा रही है।

शहर के लधेड़ी मछली मंडी निवासी 25 वर्षीय महिला एमए पास है। दो साल पहले उसकी शादी दतिया निवासी 27 वर्षीय युवक से हुई थी। युवक एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करता है। शादी में महिला के परिजन ने लड़के को दहेज में बुलेट (बाइक) दी थी। शादी के छह महीने तक सब ठीक चला, लेकिन उसके बाद युवती को उसका पति परेशान करने लगा।

शिकायत वापस लेने का बना रहा था दबाव:-युवक बुलेट की जगह कार की मांग करने लगा। इसी को लेकर उसने कई बार महिला के साथ मारपीट भी की। जिसके कारण पीड़िता ग्वालियर अपने मायके आ गई। यहां महिला थाने में उसने घरेलू हिंसा की शिकायत कर दी। इसी शिकायत को वापस लेने के लिए पति लगातार पत्नी पर दबाव डाल रहा था।

युवक धमकाता था कि यदि उसने मामला वापस नहीं लिया तो वह उसके फोटो-VIDEO वायरल कर देगा। पर महिला ने मामला वापस लेने से साफ मना कर दिया। जिस पर आरोपी पति ने पत्नी के साथ बेडरूम के कुछ VIDEO वायरल कर दिए।

रिश्तेदारों-दोस्तों से VIDEO वायरल की बात पता चली:-एक दिन पहले महिला अपने घर पर काम कर रही थी कि तभी एक दोस्त का कॉल आया कि उसका VIDEO वायरल हो रहा है। इसका पता चलते ही उसने पति का वॉट्सएप स्टेटस चेक किया तो उसके वॉटसएप स्टेटस पर भी बेडरूम के कुछ अपत्तिजनक VIDEO और फोटो दिखे। इसी बीच अन्य लोगों से पता चला कि फेसबुक पर भी यह VIDEO वायरल हो रहे हैं। इसका पता चलते ही महिला थाने पहुंची और मामले की शिकायत की।

शादी के बाद से VIDEO बनाने की थी आदत:-महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पति को हर छोटी-छोटी बात पर VIDEO बनाने का शौक है। शादी होने के बाद जब वह ससुराल पहुंची तो पति ने उसके कई VIDEO बनाए। इनमें कुछ VIDEO बेडरूम के भी बनाए थे। उस समय वह मना करती थी, लेकिन वह कहता था कि यह VIDEO वह किसी को दे नहीं रहा है। यह वह अपने लिए बना रहा है, लेकिन अब पता लगा कि उसके मन में क्या चल रहा था।

पुलिस बोली- आरोपी की तलाश जारी है:-मामले में ग्वालियर TI दीपक यादव का कहना है कि महिला का पति से विवाद चल रहा था। जिसकी शिकायत उसने पुलिस में कर रखी थी। इसी मामले को वापस लेने के लिए आरोपी धमका रहा था और उसके VIDEO वायरल कर दिए। जिसके बाद आरोपी के खिलाफ धमकाने व वीडियो वायरल करने का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *