
धार ( डाँ. अशोकशास्त्री )। जिले में बढ़ते संक्रमण के बीच शनिवार को स्वास्थ्य विभाग के द्वारा जिले में एक बड़ा बदलाव करते हुए सीएमचओ डॉ. आरसी पनिका को धार से हटाकर उज्जैन पदस्थ कर दिया हैं, साथ ही जिला अस्पताल में कार्यरत वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. चौधरी को जिले का नया सीएमएचओ बनाया है। शनिवार दोपहर को लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के उप सचिव बसंत कुर्रे द्वारा जारी नए आदेश के तहत डॉ. पनिका को धार से स्थानांतरण करते हुए क्षेत्रिय संचालक कार्यालय स्वास्थ्य सेवाएं उज्जैन भेजा गया है। तथा जिला अस्पताल के अस्थिरोग विशेषज्ञ डॉ. जितेंद्र चौधरी को जिले का नया सीएमएचओ नियुक्त किया गया है। शनिवार को जारी हुए आदेश के बाद अस्पताल सहित सीएमएचओ कार्यालय में पदस्थ कर्मचारियों सहित डॉक्टरों ने नवागत सीएमएचओ डॉ. चौधरी को बधाई दी।
फोन तक नहीं उठाते थे पनिका
कोरोना काल में जहां जिले का पूरा स्वास्थ्य विभाग का अमला दिन रात मेहनत करके संक्रमण को रोकने के प्रयास कर रहा था, वहीं दूसरी ओर पनिका अपने चैंबर से ही बाहर नहीं निकलते थे। साथ ही कई मर्तबा जिले के प्रशासनिक अधिकारियों ने पनिका को फोन नहीं उठाने व व्यवस्थाओं में सहयोग नहीं करने की शिकायत भी कलेक्टर आलोकसिंह को की थी। इसके बावजद भी पनिका की कार्य प्रणाली में कोई बदलाव नहीं आया। साथ ही सीएमएचओ कार्यालय में पदस्थ कर्मचारी भी डॉ. पनिका के व्यवहार के कारण लंबे समय से नाराज चल रहे थे।
जनप्रतिनिधि भी थे नाराज
विभाग के कर्मचारियों के साथ ही डॉ. पनिका से जिले के जनप्रतिनिधि भी लंबे समय से नाराज चल रहे थे। इसको लेकर कई नेताओं ने अपनी शिकायत भी भोपाल स्तर पर दर्ज करवाई थी व पनिका को जिले से हटाने की मांग रखी थी। कितु पनिका भोपाल स्तर पर ही जुगाड़ बिठाकर तबादला रुकवा लेते थे। हालांकि इस मर्तबा जुगाड़ नहीं चला व उन्हें यहां से हटाकर उज्जैन पदस्थ कर दिया गया व जिले की कमान एकबार पुन: योग्य अधिकारी को सौंपी गई।