
भोपाल में डांस करते हुए एक अधिकारी की मौत हो गई। इस घटना का VIDEO अब सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि डाक परिमंडल ऑफिस में असिस्टेंट डायरेक्टर सुरेंद्र कुमार दीक्षित ‘बस आज की रात है जिंदगी, कल हम कहां, तुम कहां…’ गाने पर डांस करते नजर आ रहे हैं, तभी वे गिर जाते हैं। साथी उन्हें उठाने की कोशिश करते हैं पर वे नहीं उठ पाते।
भोपाल में 13 से 17 मार्च के बीच डाक विभाग ने 34वां डाक नेशनल हॉकी टूर्नामेंट कराया था। मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में 17 मार्च को फाइनल खेला जाना था। इससे पहले 16 मार्च की रात में विभाग के ऑफिस कैंपस में ही सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। इसमें विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सेलिब्रेट कर रहे थे। दीक्षित भी साथियों के साथ डांस कर रहे थे।
सुरेंद्र कुमार दीक्षित ने साथियों के साथ ‘अपनी तो जैसे-तैसे कट जाएगी, आपका क्या होगा जनाबे आली…’ गाने पर पहले जमकर डांस किया। इसके बाद ‘बस आज की रात है जिंदगी, कल हम कहां तुम कहां…’ पर डांस करने लगे। 1 मिनट 8 सेकेंड के VIDEO में वे खुशी से झूमते नजर आ रहे हैं। आखिरी में अचानक जमीन पर गिर गए। साथियों ने उन्हें संभाला, लेकिन वे उठे नहीं। उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रिपोर्ट्स में बताया गया कि कार्डियक अरेस्ट से उनकी मौत हुई है।
दीक्षित डाक विभाग में सबसे छोटे पद ग्रामीण डाक सेवक से सहायक निदेशक तक पहुंचे थे। वे परिवार में दो पुत्रियां और पत्नी को पीछे छोड़ गए हैं। उनके भाई भूपेंद्र दीक्षित बड़वानी में नगर पालिका सीएमओ हैं।