
सतना के मैहर से भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी सड़क हादसे में बाल-बाल बचे हैं। सागर जिले के गढ़ा कोटा के पास हादसा हुआ। उनका वाहन खड़े ट्रक से टकराया है। बताया जा रहा है कि विधायक को पसलियों में लगी हल्की चोट पहुंची है। सभी लोग सुरक्षित हैं।
बता दें कि कुछ दिन पहले ही मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी ने विंध्यपार्टी बनाने का एलान किया था। विधायक नारायण त्रिपाठी ने वीडियो जारी कर हादसे की जानकारी दी है। हादसे की तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। विधायक त्रिपाठी ने कहा है कि 11 अप्रैल रात करीब 12 बजे हम लोग स्कॉर्पियो वाहन से बागेश्वर महाराज की कथा के लिए जा रहे थे। उस दौरान ट्रक से हमारा एक्सीडेंट हो गया। वाहन में हम चार लोग थे। हम पूरी तरह स्वस्थ हैं। किसी को भी किसी तरह की चोट नहीं आई है। भगवान की कृपा से हम पूरी तरह स्वस्थ हैं, लेकिन गाड़ी के पूरी तरह परखच्चे उड़ गए हैं। सभी शुभचिंतकों को धन्यवाद, आभार, जो आप इतनी दुआएं देते हैं। इन्हीं दुआओं की वजह से हम ठीक है।