उज्जैन। बादशाह के `सनक` एलबम से महाकाल के पुजारी नाराज:गाने में भगवान शिवजी के साथ अश्लील शब्दों को जोड़ा ।

फेमस सिंगर और रैपर बादशाह के हाल ही में रिलीज एक एलबम ‘सनक’ के एक गाने पर विवाद की स्थिति बन गई है। महाकाल मंदिर के पुजारी सहित कई भक्तों ने गाने में अश्लील शब्दों के साथ भोलेनाथ का नाम उपयोग करने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने गाने से भगवान का नाम हटाने और माफी मांगने को कहा है। साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उन्होंने माफी नहीं मांगी तो उज्जैन सहित अन्य शहरों में बादशाह के खिलाफ FIR करवाई जाएगी।

महाकाल मंदिर में वरिष्ठ पुजारी महेश पुजारी ने आरोप लगाया कि हिंदू सनातन में छूट का दुरुपयोग हो रहा है। साधु संत कथावाचक सभी ऐसी चीजों पर मौन हैं। फिल्म स्टार हो या गायक उन्हें भगवान के नाम पर अश्लीलता फैलाना का कोई अधिकार नहीं है। देशभर में एकसाथ उन पर कार्रवाई होनी चाहिए। इस तरह तो हर कोई सनातन धर्म को गलत ढंग से पेश करता रहेगा, हम इसका विरोध करते हैं। महाकाल सेना और पुजारी महासंघ सहित हिंदू संगठन ने तत्काल इस गाने से भगवान भोलेनाथ का नाम हटाने को कहा है।

बादशाह का 2 मिनट 15 सेकंड का नया गाना जमकर ट्रेंड कर रहा है। गाने के 40 सेकंड बाद गाने के अंतरे में बोल है, कभी सेक्स तो कभी ज्ञान बांटता फिरूं… इसके बाद अश्लील शब्दों का प्रयोग करते हुए गाने के बोल हिट पर हिट में मारता फिरूं… तीन-तीन रात में लगातार जागता, भोलेनाथ के साथ मेरी बनती है। इस गाने को सोशल मीडिया के यू-ट्यूब पर अब तक 18 मिलियन लोग देख चुके है। कई नामी हस्तियों ने इस गाने पर रील बनाई है। गाना काफी पसंद किया जा रहा है, लेकिन इस गाने से अब शिव भक्त नाराज हैं।

शिव भक्तों से माफी मांगे बादशाह:_उज्जैन निवासी ऋषभ यादव ने कहा कि फेमस सिंगर बादशाह का गाना अभी बहुत चल रहा है। हम तो शिव के भक्त है, जिस गाने में भोलेनाथ का नाम लिया है, उसी गाने में अश्लीलता परोसी जा रही है। ये बिलकुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तत्काल गाने को सोशल मीडिया से हटाएं और बादशाह सभी शिव भक्तों से माफी मांगें, नहीं तो 24 घंटे में FIR दर्ज कराएंगे। नागपुर से महाकाल मंदिर दर्शन करने आए श्रद्धालु जय ने कहा कि बादशाह द्वारा अश्लील गाने में शिव का नाम लेना गलत है। आप सेलिब्रिटी हो इसका मतलब ये नहीं की सनातन धर्म के बारे में इस तरह की बातें करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *