
बाबा महाकाल मंदिर में आम श्रद्धालु जहां दूर से ही बाबा को निहारने पर मजबूर हैं, वहीं वीआईपी के आने पर सारे नियम हवा हो जाते हैं। सेलिब्रिटी के लिए नियमों की अनदेखी हो रही है। कुछ ऐसा ही घटनाक्रम उस समय सामने आया जब फिल्म अभिनेता गोंविदा की पत्नी सुनीता आहूजा महाकाल के दर्शन करने आई। वे गर्भगृह में भी बैग ले गईं जबकि इस पर पांबदी है।हैरानी की बात तो यह है कि उन्हें किसी ने टोका तक नहीं। इससे मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवालिया निशान लग गया है।
अभिनेता गोंविदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने गर्भगृह में जाकर भगवान महाकाल का पूजन किया। इस दौरान उनके कंधे पर एक बैग टंगा हुआ था।
मंदिर प्रशासन के निरीक्षक व पंडित ने बैग को अनदेखा कर गर्भगृह में पूजन कराया। हालांकि, इस मामले में प्रशासक संदीप सोनी का कहना है फुटेज देखने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि महाकाल मंदिर के गर्भगृह में बैग व अन्य बाहरी सामान ले जाना प्रतिबंधित है। मंदिर प्रशासन ने दर्शनार्थियों को सामान रखने के लिए लॉकर की सुविधा दे रखी है। आम भक्तों के लिए तो नियम लागू किए जाते हैं पर वीआईपी को अक्सर ऐसे नियमों से छूट दे दी जाती है। अभिनेता गोंविदा की पत्नी सुनीता आहूजा के मामले में भी कुछ ऐसा ही हुआ दिखता है।
इस घटनाक्रम से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों के कारण कुछ प्रवेश गेट से वीआइपी श्रद्धालु बैग लेकर आते भी है तो मंदिर के सुरक्षा कर्मचारी व निरीक्षक गर्भगृह तक नहीं जाने देते हैं। सेामवार को हुई चूक से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।