प्रदेश में फिर हुआ बड़ा हादसा , छात्र-छात्राओं से भरी बस पलटी, दो की मौत।

शिवपुरी में सोमवार सुबह करीब 5 बजे ट्रक की टक्कर से छात्र-छात्राओं से भरी बस पलट गई। हादसे में ड्राइवर और छात्र की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि टायर फटने के कारण बेकाबू ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बस पांच-छह पलटियां खा गई। बच्चों में चीख-पुकार मच गई। 36 सीटर बस में 40 बच्चे, 10 टीचर और स्टाफ सवार थे। करीब 25 छात्र-छात्राएं और स्टाफ घायल हैं। घटना देहात थाना क्षेत्र के बांसखेड़ी गांव के पास फोरलेन हाईवे की है।

सभी छात्र-छात्राएं नर्मदापुरम के बताए जा रहे हैं, जो 11 जिलों में ‘वनवासी लीला’ (गौंडी रामायणी) का कार्यक्रम करने के लिए निकले थे। तीन कार्यक्रम बच्चे कर चुके थे। चौथे कार्यक्रम के लिए ग्वालियर से शाजापुर के लिए जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। शाजापुर जाने से पहले बच्चे नीमच, मंदसौर और ग्वालियर में वनवासी लीला का मंचन कर चुके थे। यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश संस्कृति विभाग की ओर से विभिन्न जिलो में आयोजित किया जा रहा है।

कोतवाली थाना प्रभारी अमित भदौरिया ने बताया कि बच्चे बस (MH11T9991) से ग्वालियर से शाजापुर जा रहे थे। बांसखेड़ी गांव के पास बस पलट गई। बच्चे सरकार द्वारा चलाए जा रहे वनवासी लीला कार्यक्रम के लिए टूर पर निकले थे। बीती रात करीब 1:30 ग्वालियर में कार्यक्रम कर बच्चे शाजापुर में कार्यक्रम करने के लिए निकले थे। हादसे में ड्राइवर करण यादव और छात्र अमन की मौत मौके हो गई।

छात्र एरिक्स सालोमन ने बताया कि हम नर्मदापुरम के रहने वाले हैं। ग्वालियर में कार्यक्रम खत्म कर शाजापुर के लिए निकले थे। सामने चल रहे ट्रक का टायर फट गया। ट्रक अनिंयत्रित होकर बस से टकरा गया, जिससे बस पलटी खा गई। इस बार हम 11 दिन के टूर पर थे। ज्यादा दूर होने पर शो के लिए ब्रेक मिलता है। पास के जिले होने पर अगले दिन कार्यक्रम कर लिया जाता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *