
गाजियाबाद में विदेश मंत्रालय के एक कर्मचारी द्वारा देश की आर्थिक नीतियों से जुड़ी गोपनीय जानकारी पाकिस्तान भेजने का मामला सामने आया है। खुफिया एजेंसी से इनपुट मिलने के बाद पुलिस और विदेश मंत्रालय में हड़कंप मच गया। तीन दिन की गोपनीय जांच के बाद गाजियाबाद पुलिस ने भीमनगर निवासी आरोपी नवीन पाल के खिलाफ मंगलवार की रात शासकीय गुप्त बात अधिनियम और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया। देश की एक खुफिया एजेंसी ने गाजियाबाद पुलिस को सूचना दी कि कमिश्नरेट में रहने वाला एक युवक विदेश मंत्रालय के आला अधिकारी का मातहत है। इसके चलते मंत्रालय के तमाम अहम और गोपनीय दस्तावेज उसके जरिए इधर-उधर किए जाते हैं। दस्तावेजों को वह किसी एजेंट के साथ शेयर कर रहा था। इसकी एवज में वह युवक से मोटी रकम वसूल रहा था। सूत्रों की मानें तो संदिग्ध आरोपी ने कई ऐसे गोपनीय दस्तावेज पाकिस्तानी युवक के साथ लीक कर दिए, जिन्हें मंत्रालय के अधिकारी ने प्रिंट आउट निकाल कर देने को कहा था।