मध्य प्रदेश के नीमच में भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा पर पथराव, कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आरोप – देखे VIDEO

मध्य प्रदेश के नीमच में मंगलवार (5 सितंबर) को भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा पर कुछ लोगों ने पथराव किया। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को लेकर यात्रा को घेर लिया। करीब 100 से 150 लोग यात्रा के सामने आ गए। भाजपा नेताओं ने काफी देर तक उन्हें समझाने की कोशिश की। तभी अचानक यात्रा पर पथराव शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने सड़क पर पत्थर जमा कर रखे थे। इस हमले में यात्रा में शामिल वाहनों के कांच फूट गए।

घटना मंगलवार रात करीब 8 बजे जिला मुख्यालय से 75 किलोमीटर दूर रामपुरा क्षेत्र के राउली कुड़ी गांव में हुई। यात्रा पर हमले की वजह चीता प्रोजेक्ट को लेकर विरोध भी बताया जा रहा है। दरअसल वन विभाग प्रोजेक्ट के तहत जंगल में फेंसिंग कर रहा है। जिससे ग्रामीणों के पशुओं को आने जाने नहीं दिया जा रहा है। इसी बात को लेकर ग्रामीण भड़क गए।

यात्रा के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय, वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा, उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव, बंशीलाल गुर्जर और मनासा विधायक माधव मारू भी यात्रा के साथ थे। भाजपा नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस ने ये हमला कराया है।

कैलाश विजयवर्गीय ने  बताया – ‘हमारी यात्रा आगे बढ़ रही थी। मनासा और रामपुरा में यात्रा का जोरदार स्वागत हुआ। रामपुरा के आगे रावली कुड़ी गांव में कुछ लोगों ने पशुओं को जाने नहीं देने को लेकर फॉरेस्ट के लोगों की शिकायत की। हमने उन्हें समस्या हल करने का भरोसा दिया और आगे बढ़ गए। तभी 15 से 20 लोगों ने जय कमलनाथ के नारे लगाते हुए पत्थरबाजी शुरू कर दी। हमें समझ ही नहीं आया कि हो क्या रहा है। पुलिस उन्हें रोकती तब तक कई वाहनों के कांच फूट गए।’

वीडी का आरोप- प्लानिंग के साथ किया हमला

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का आरोप है कि कांग्रेस के अपराधियों और गुंडों ने यात्रा पर पथराव किया है। वीडी ने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा को मिल रहे अपार जनसमर्थन से कांग्रेस घबरा गई है। प्लानिंग के साथ पेड़ों के पीछे छिपकर यात्रा पर हमला किया गया है। वीडी शर्मा ने कहा कि इसका जवाब दिया जाएगा। ऐसे गुंडे लोगों को छोड़ेंगे नहीं। कांग्रेस का यह कृत्य दुर्भाग्य जनक है। इसकी कड़ी आलोचना करता हूं। यात्रा और सफलता के साथ आगे बढ़ेगी। यह गुंडागर्दी किसी भी कीमत पर चलने नहीं देंगे।

जो जनता को दिया, जनता उसे ब्याज समेत लौटाने को तत्पर

 

भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा पर पथराव की घटना पर कमलनाथ ने कहा कि समाज के हर वर्ग का उत्पीड़न करने के बाद भी शिवराज सरकार को लगता है कि जनता उन पर पत्थर नहीं, फूल बरसाएगी। 18 साल के शासन में जनता को जो दिया है, जनता उसी को मय ब्याज के लौटाने को तत्पर है।

कमलनाथ ने ट्वीट कर ये भी कहा कि मैं जनभावनाओं को भली भांति समझता हूं लेकिन फिर भी मध्यप्रदेश की सम्मानित जनता से मेरा अनुरोध है कि विरोध को लोकतांत्रिक तरीके में रखें और अपराधियों को दंडित करने का काम न्यायालय को ही करने दें।

विवाद की वजह चीता प्रोजेक्ट

भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा पर जिस इलाके में हमला हुआ। वह गांधीसागर अभयारण क्षेत्र में आता है। बताया जा रहा है कि चीता प्रोजेक्ट के लिए यहां एक बाड़ा तैयार किया जा रहा है। जब से इस प्रोजेक्ट के लिए तार फेंसिंग का काम शुरू किया गया, तभी से विवाद की स्थिति बनने लगी थी।

तार फेंसिंग से पशुपालन करने वाले ग्रामीण नाराज हैं। उन्हें लग रहा है कि फेंसिंग के बाद मवेशियों को चराने के लिए जमीन नहीं बचेगी। सैकड़ों परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। इसी के चलते समय-समय पर ग्रामीण विरोध करते रहे हैं। साथ ही जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रशासन को भी ज्ञापन देकर आगाह करते रहे हैं।

चीता प्रोजेक्ट को लेकर कोई विरोध नहीं: बीजेपी जिलाध्यक्ष

भाजपा जिला अध्यक्ष पवन पाटीदार ने दैनिक भास्कर को बताया कि ग्रामीणों में चीता प्रोजेक्ट को लेकर कोई विरोध नहीं है। उनकी जो मांगे थी पहले ही मान ली गई। कुछ एक समस्याएं थी, उनके भी समाधान के लिए कह दिया गया था। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के मनासा दौरे पर भी इस विषय को लेकर कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। इस तरह का हमला कहीं ना कहीं राजनीति से प्रेरित है।

राजनाथ सिंह ने दिखाई थी जन आशीर्वाद यात्रा को हरी झंडी

जिस जन आशीर्वाद यात्रा पर पथराव की घटना हुई है उसे सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नीमच से हरी झंडी देकर रवाना किया था। यात्रा ने नीमच के बाद जावद और फिर मनासा विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश किया था। ये यात्रा अब गांधीसागर के रास्ते मंदसौर जिले में प्रवेश कर गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *