रतलाम. कुत्तों के आतंक से शहर की ऐसी कोई गली नहीं होगी जिसके रहवासी परेशान न हैं। जहां से भी निकले सतर्क रहना पड़ता खास कर जब आप दुपहिया वाहन पर हो। हालात इतने खराब हो गए हैं, बच्चों को घर से बाहर अकेले निकालने में भी अब परिजन डरने लगे हैं। कुत्ते काटने के मामले दिन पर दिन बढ़ते जा रहे हैं। पिछले माह 15-20 प्रतिदिन का आंकड़ा था अब 30-35 और इससे अधिक हर दिन घायल अस्पताल पहुंच रहे हैं।

कुत्तों के झुंड के झुंड शहर की कॉलोनियों की सडक़ किनारे, चौराहों पर जैसे घात लगाकर बैठे रहते हैं। जिला अस्पताल में ऐसा कोई दिन नहीं जाता है जब कुत्तों के हमले से घायल होकर कोई पहुंचा नहीं हो। सुबह से शाम 4 बजे तक 14 लोग घायल होकर उपचार कराने जिला अस्पताल पहुंचे थे।
काटजू नगर में कई लोगों को काट चुका है कुत्ता
बुधवार सुबह 10 बजे करीब सब्जी बेचने वाली रामपुरिया निवासी एक 60 वर्षीय महिला गुलाब बाई पर कुत्तों ने हमला कर घायल कर दिया। शुक्र है इस दौरान ट्यूशन जा रहे विद्यार्थी यश शर्मा ने घायल महिला को बिठाया और सब्जी की टोकरी वहीं रखकर वह जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। इसके बाद पुन: छोडकऱ भी आया। यश ने बताया कि यह कुत्ता पहले भी कई लोगों को काट चुका हैं।