इंदौर। बायपास पर स्टूडेंट की तेज रफ्तार कार का एक्सीडेंट:ओवर टेक करते समय खड़े ट्रक में घुसी, दो स्टूडेंट की मौत

शनिवार देर रात 2.30 बजे पार्टी कर लौट रहे 6 स्टूडेंट्स की कार बायपास पर ओवरटेक करते वक्त आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। कनाड़िया थाने के एएसआई मुनेंद्र सिंह ने बताया हादसा बिचौली मर्दाना पुल पर हुआ।

कार (एमपी 09 डब्ल्यूएफ 8722) एक वाहन को ओवरटेक करते वक्त आगे धीमी गति से चल रहे ट्रक (एचआर 74 वी 3362) में जा घुसी। उत्सव (21) पिता कृष्णगोपाल सोनी निवासी महालक्ष्मी नगर और समृद्धि (19) पिता यश भंडारी निवासी अहमदाबाद की मौत हो गई। कार चला रहे खुश पिता योगेश सोनी महालक्ष्मी नगर, सौरभ पिता गोविंद सोनी, जयंत पिता जंबू सोनी व रिचा सोनी गंभीर घायल हैं।

दोस्तों से दो दिन पहले मिलने आई थी समृद्धि

सभी छात्र आपस में परिचित हैं। उत्सव, उसके साथी व समृद्धि मूल रूप से झालरापाटन (राजस्थान) के संभ्रांत परिवार से हैं। समृद्धि फैशन डिजाइनिंग कोर्स करने अहमदाबाद गई थी। उसने पिता को कॉलेज ट्रिप पर इंदौर जाने की बात कही थी। उसके पिता राजस्थान में कपड़ा व्यापारी हैं। परिवार में छोटा भाई है। दो दिन पहले इंदौर अपने दोस्तों के यहां आई थी। उत्सव दोस्तों के साथ महालक्ष्मी नगर में रहता था। समृद्धि के इंदौर आने पर सभी रात में लसूड़िया इलाके में स्थित स्ट्राइकर पब में पार्टी करने गए थे। पार्टी के वीडियो भी सोशल मीडिया पर डाले थे।

हादसा होते ही भाई को एक्सीडेंट का अलर्ट पहुंचा

उत्सव के पिता राजस्थान में व्यापारी हैं। समृद्धि अहमदाबाद में फैशन डिजाइनिंग कोर्स कर रही थी। उत्सव के इंदौर में रह रहे भाई शुभम ने बताया हादसा होते ही उनके मोबाइल पर एक्सीडेंट का अलर्ट आ गया। लोकेशन देख वह मौके पर पहुंचे। उत्सव एमबीए कर रहा था।

6 एयर बैग खुलने से बची 4 की जान

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कार 100 से ज्यादा की रफ्तार में थी। एक्सीडेंट होते ही कार के 6 एयर बैग खुल गए। इससे कार चला रहे खुश व उसके पीछे बैठे तीन साथियों की जान बच गई। ड्राइ‌वर सीट के पास बैठे उत्सव के सामने वाला एयर बैग नहीं खुला। उत्सव के पिता का झालावाड़ में ज्वेलरी का कारोबार है। कार को काटकर शव बाहर निकालना पड़े।दुर्घटना में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *