स्वेज़ नहर में फंस गया जहाज़,समुद्र में लगा भीषण ट्रैफिक जाम

स्वेज नहर में चीन से माल लेकर जा रहे एक विशालकाय कंटेनर शिप एवर गिवेन के फंस जाने से भीषण ट्रैफिक जाम लग गया है। बताया जा रहा है कि इस कंटेनर शिप पर पनामा का झंडा लगा हुआ है। 193.3 किलोमीटर लंबी स्वेज नहर भूमध्य सागर को लाल सागर से जोड़ती है। बता दें कि पनामा में भी ऐसी ही एक नहर बनाई गई है, जो अटलांटिक महासागर को प्रशांत महासागर से जोड़ती है।

कंट्रोल खोने से फंसा शिप
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह स्वेज पोर्ट के उत्तर में नहर को पार करने के दौरान कंट्रोल खोने से 400 मीटर लंबा और 59 मीटर चौड़ा कंटेनर शिप फंस गया। इसे निकालने के लिए बड़े पैमाने पर टग बोट्स (जहाजों को धक्का देने वाली ताकतवर बोट) को तैनात किया गया है। फिर भी आशंका जताई जा रही है कि इस कंटेनर शिप को यहां से निकालने में कई दिनों का समय लग सकता है।

समुद्र में लगा भीषण ट्रैफिक जाम
इस शिप के फंसने से लाल सागर और भूमध्य सागर के किनारों पर बड़ी संख्या में जहाजों का जाम लगा हुआ है। इसी नहर के रास्ते हर दिन हजारों की संख्या में छोटे बड़े शिप यूरोप से एशिया और एशिया से यूरोप का सफर करते हैं। अगर यह रास्ता लंबे समय तक बंद रहता है तो समुद्री जहाजों को पूरे अफ्रीका महाद्वीप का चक्कर लगाते हुए यूरोप तक जाना पड़ेगा।

चीन से नीदरलैंड जा रहा था शिप
पनामा का कंटेनर शिप एवर गिवेन चीन से माल लादने के बाद नीदरलैंड के पोर्ट रॉटरडैम के लिए जा रहा था। इस दौरान उसने हिंद महासागर से यूरोप में जाने के लिए स्वेज नहर का रास्ता अपनाया। जो मंगलवाल की सुबह स्थानीय समयानुसार लगभग 07:40 पर स्वेज पोर्ट के उत्तर में फंस गया। इस जहाज को 2018 में बनाया गया था, जिसे ताइवानी ट्रांसपोर्ट कंपनी एवरग्रीन मरीन संचालित करती है।

हवा के तेज झोंके के कारण फंसा जहाज
रिपोर्ट के अनुसार, एवर गिवेन के चालक दल ने बताया कि स्वेज नहर को पार करते समय आए हवा के एक तेज बवंडर के कारण उनका शिप घूम गया। बाद में जब उसे सीधा करने का प्रयास किया गया तो वह नहर की चौड़ाई में घूमकर पूरे ट्रैफिक को ही बंद कर दिया। इस जहाज के पीछे एक और मालवाहक जहाज द मेर्सक डेनवर फंसा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *