
सत्ता के सिंहासन तक ले जाएगा रविवार का सूरज…
इक्कीसवीं सदी में मध्यप्रदेश के पांचवें विधानसभा चुनाव का यह निर्णायक दिन है। रविवार का यह सूरज किसी न किसी दल की बाहें थामकर सत्ता के सिंहासन तक लेकर जरूर जाएगा। हो सकता है कि सूरज बदली में छिपा रहे तो यह भी संभव है कि आसमान से टुकर टुकर जीतने-हारने वाले राजनेताओं के चेहरे निहारकर मुस्कराता रहे और सहानुभूति जताता रहे। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दो ही दल हैं, जो सत्ता के सिंहासन पर आसीन होने के हकदार हैं, यह बिल्कुल साफ है। अब 150 से ज्यादा कमल खिलकर भाजपा को सत्ता के सिंहासन पर बिठाएंगे या फिर बहुमत के साथ कांग्रेस अपने दावों पर खरी उतरेगी, यह रविवार का सूरज फैसला सुनाकर ही जाएगा। कौन मायूस होगा और कौन मुस्कराएगा, रविवार शाम के बाद इसमें कोई संशय बाकी नहीं रहेगा।
मध्यप्रदेश में 55 जिलों की 230 विधानसभा सीटों का फैसला होना है।मालवा अंचल के 9 जिलों की 45, निमाड़ अंचल में 6 जिलों की 21, भोपाल संभाग के 5 जिलों की 25 विधानसभा सीट, नर्मदापुरम संभाग के 3 जिलों की 11, विंध्य अंचल के 9 जिलों की 30, ग्वालियर-चंबल अंचल के 8 जिलों की 34, बुंदेलखंड अंचल के 6 जिलों की 26 और महाकौशल अंचल के 9 जिलों की 38 विधानसभा सीटों का फैसला होना है।
एक तरफ भारतीय जनता पार्टी के संगठन और सरकार है तो दूसरी तरफ कांग्रेस का संगठन है। बसपा, सपा, आम आदमी पार्टी और अन्य दलों के साथ निर्दलीय चेहरे भी आंशिक तौर पर नजर आ सकते हैं। परीक्षा है तो प्रदेश भाजपा के मुखिया विष्णु दत्त शर्मा के संगठनात्मक कौशल और हर बूथ पर 51 फीसदी वोट संग कार्यकर्ताओं के समर्पण की, तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की लाड़ली बहना की और दूसरी तरफ कमलनाथ की संगठनात्मक क्षमता और मध्यप्रदेश के मतदाताओं का उन पर भरोसा जताने की। तो देखते हैं कि रविवार 3 दिसंबर का सूरज मध्यप्रदेश में किसको सत्ता के सिंहासन तक ले जाता है…।

कौशल किशोर चतुर्वेदी
कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। दो पुस्तकों “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।
वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।