दिल्ली में सुनीता विलियम्स का संदेश: नई स्पेस रेस में टिकाऊ और लोकतांत्रिक तरीके से चांद पर लौटना लक्ष्य; भारत आना घर वापसी जैसा, 8 दिन का मिशन 9 महीने में बदला, बोलीं– चांद पर जाना चाहती हूं लेकिन पति इजाजत नहीं देंगे

भारतीय मूल की अमेरिकी एस्ट्रोनॉट सुनीता विलियम्स ने मंगलवार को कहा है कि दुनिया में एक नई स्पेस रेस जरूर चल रही है, लेकिन मकसद यह होना चाहिए कि इंसानियत टिकाऊ, उत्पादक और लोकतांत्रिक तरीके से चांद पर लौटे। विलियम्स ने कहा कि भारत आना उन्हें घर वापसी जैसा लगता है, क्योंकि उनके पिता गुजरात के मेहसाणा जिले के झूलासन गांव से थे।

सुनीता मंगलवार को नई दिल्ली के अमेरिकन सेंटर में युवाओं के साथ हुए इंटरैक्टिव सेशन में पहुंचीं।

दिल्ली में एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा- एक स्पेस रेस चल रही है, लेकिन यह इस बात की रेस है कि हम चांद पर किस तरह लौटते हैं। हम वहां सस्टेनेबल (टिकाऊ) तरीके से जाना चाहते हैं, ताकि नियम तय हों और अलग-अलग देश मिलकर काम कर सकें। बिल्कुल अंटार्कटिका की तरह।

विलियम्स ने कहा कि स्पेस ट्रैवल एक टीम स्पोर्ट है और देशों को मिलकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने यह भी जोर दिया कि स्पेस का कॉमर्शियलाइजेशन जरूरी है, क्योंकि इससे नई टेक्नोलॉजी, सैटेलाइट, स्पेस एक्सपेरिमेंट और 3D प्रिंटिंग जैसे क्षेत्रों में रोजगार और इनोवेशन के मौके बढ़ते हैं।

वहीं, चांद पर जाने के सवाल पर उन्होंने NDTV से बातचीत में मजाकिया लहजे में कहा- मैं चंद्रमा पर जाना चाहती हूं, लेकिन मेरे पति मुझे मार डालेंगे। घर वापसी और जिम्मेदारी सौंपने का समय आ गया है। अंतरिक्ष खोज में अगली पीढ़ी को अपना स्थान बनाना होगा।

सुनीता विलियम्स को मोमेंटो भी दिया गया।

सुनीता बोलीं- स्पेस से धरती देखने पर महसूस होता है कि हम सब एक हैं

60 साल की विलियम्स हाल ही में नासा के अंतरिक्ष यात्रियों की टीम से रिटायर हुईं हैं। उनके लिए प्राइवेट सेक्टर में काम करने के विकल्प खुले हैं, क्योंकि उन्होंने तीन अलग-अलग रॉकेटों का उपयोग करते हुए अंतरिक्ष में 608 दिन बिताए हैं। उन्होंने 9 स्पेस वॉक भी किए हैं, जो अंतरिक्ष में बिताए गए कुल 62 घंटे हैं।

उन्होंने इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) में बिताए समय और उस चुनौतीपूर्ण दौर को याद किया, जब आठ दिन का मिशन तकनीकी दिक्कतों के कारण नौ महीने से ज्यादा का हो गया। इस दौरान ISS पर मल्टी-कल्चरल क्रू के साथ त्योहार मनाने के विजुअल्स भी दिखाए गए।

जब उनसे पूछा गया कि क्या स्पेस ट्रैवल ने उनकी जिंदगी के नजरिए को बदला है, तो उन्होंने कहा- हां, बिल्कुल। जब आप धरती को स्पेस से देखते हैं, तो महसूस होता है कि हम सब एक हैं और हमें ज्यादा करीब से मिलकर काम करना चाहिए।

अंतरिक्ष में फैले उपग्रहों के कचरे को लेकर उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में यह एक बड़ी चुनौती बन गई है और इसे मैनेज करने के लिए नई टेक्नोलॉजी की जरूरत है। ISS को उन्होंने इन टेक्नोलॉजीज के लिए प्रयोग के लिए अहम जगह बताया।

सुनीता विलियम्स, बुच विल्मोर के साथ 6 जून को स्पेस स्टेशन पहुंची थीं। 8 दिन का उनका सफर 9 महीनों में बदल गया।

कल्पना चावला की मां और बहन से मिलीं सुनीता

सुनीता विलियम्स दिवंगत एस्ट्रोनॉट कल्पना चावला की 90 साल की मां संयोगिता चावला और बहन दीपा से भी मिलीं। विलियम्स मंच से उतरकर सबसे आगे बैठीं चावला की मां के पास पहुंचीं और उन्हें गले लगाया।

चावला की मां ने कहा कि सुनीता विलियम्स उनके परिवार की सदस्य जैसी हैं। 2003 में स्पेस शटल कोलंबिया हादसे के बाद विलियम्स करीब तीन महीने तक उनके घर आती थीं और दुख की घड़ी में पूरे परिवार को सहारा देती थीं। संयोगिता चावला ने बताया कि कल्पना और सुनीता एक-दूसरे को अपने साझा प्रोफेशन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती थीं।

8 दिन के मिशन पर गई थीं, लेकिन 9 महीने से ज्यादा समय लग गया

सुनीता विलियम्स अपने चार साथियों के साथ 19 मार्च पृथ्वी पर लौटीं थीं। वे इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) पर 9 महीने 14 दिन तक रहीं।

सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर बोइंग और NASA के 8 दिन के जॉइंट ‘क्रू फ्लाइट टेस्ट मिशन’ पर गए थे। इस मिशन में बोइंग के स्टारलाइनर स्पेसक्राफ्ट की क्षमता को टेस्ट करना था।

एस्ट्रोनॉट्स को स्पेस स्टेशन पर 8 दिन में रिसर्च और कई एक्सपेरिमेंट भी करने थे। लेकिन थ्रस्टर में आई गड़बड़ी के बाद उनका 8 दिन का मिशन 9 महीने से ज्यादा समय का हो गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *