
सुशांत राजपूत के पिता के के सिंह का रिया चक्रवर्ती की ट्रांसफर याचिका के जवाब में हलफनामा दाखिल किया है. इस हलफनामे में सुशांत के पिता के के सिंह ने आरोप लगाया है कि रिया ने सुशांत के दोस्त सिद्धार्थ पिठानी पर दबाव बनाया था. मालूम हो कि रिया चक्रवर्ती ने सुप्रीम कोर्ट में बिहार पुलिस से सुशांत का केस मुंबई ट्रांसफर करवाने के लिए याचिका दर्ज की थी.
सुशांत राजपूत के पिता ने शीर्ष अदालत में कहा कि पिछले एक साल से रिया के आपराधिक कृत्य को साबित करने के लिए उनके पास पर्याप्त सबूत हैं. मुंबई पुलिस की जांच एक आईवॉश है. मुंबई पुलिस ने अपराधी को पकड़ने के लिए कोई जल्दबाजी नहीं दिखाई. रिया ने इस मामले में गवाह सिद्धार्थ पीठानी को प्रभावित किया. सिद्धार्थ ने बिहार पुलिस के ईमेल को रिया को लीक किया.
बता दें कि रिया चक्रवर्ती की याचिका पर अब सुप्रीम कोर्ट 11 अगस्त को सुनवाई करेगा. रिया ने बिहार में दर्ज FIR को मुंबई ट्रांसफर करने की मांग की है. बिहार पुलिस के बाद सुशांत के पिता केके सिंह ने भी सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल किया है. उन्होंने हलफनामे में मुंबई पुलिस पर कार्रवाई ना करने और सहयोग ना करने का आरोप लगाया है. केके सिंह ने कहा है कि सीबीआई को ही मामले की जांच करनी चाहिए.
उन्होंने कहा है कि रिया ने तो खुद ही सीबीआई जांच की मांग की थी. रिया की याचिका अब निष्प्रभावी हो चुकी है. रिया की याचिका सुनवाई योग्य नहीं है क्योंकि ट्रायल एक राज्य से दूसरे राज्य में ट्रांसफर हो सकता है जांच नहीं. उन्होंने कहा है कि बिहार पुलिस का इस मामले में क्षेत्राधिकार बनता है.