
‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ लोगों के पसंदीदा शो में से एक है। इसी शो की एक पॉपुलर एक्ट्रेस मुनमुन दत्ता उर्फ बबीता जी का जर्मनी में एक्सिडेंट हो गया है। इस घटना की वजह से अभिनेत्री घायल हो गई हैं। इस बात की जानकारी खुद मुनमुन दत्ता ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए दी है। मुनमुन दत्ता ने बताया कि उन्होंने लगभग एक सप्ताह पहले अपनी यूरोप यात्रा शुरू की थी और इसी बीच वह दुर्घटना का शिकार हो गईं।
मुनमुन ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि जर्मनी में वह एक छोटे से हादसे का शिकार हो गई थीं। जिसकी वजह से उनके बाएं घुटने में चोट लग गई। उन्होंने बताया कि मुझे ट्रैवलिंग कम करने की सलाह दी गई है, इसलिए मैं अब वापस घर जा रही हूं। अभिनेत्री के घायल होने की खबर सुनने के बाद उनके फैंस परेशान हो गए हैं। वह लगातार उनकी सेहत को लेकर चिंता जता रहे हैं और उन्हें अपना ध्यान रखने को कह रहे हैं। वहीं कुछ यूजर्स उन्हें जल्दी से ठीक होकर वापस शो में लौटने के लिए कह रहे हैं।
दरअसल, मुनमुन दत्ता काम से ब्रेक लेकर यूरोप घूमने निकली थीं। वह पहले स्विट्जरलैंड गईं और फिर वहां से इंटरलेकन ट्रेन से जर्मनी गईं। स्विट्जरलैंड में मुनमुन दत्ता ने बहुत मजे किए। उन्होंने इस ट्रिप की कुछ झलकियां भी साझा की थीं। अभिनेत्री द्वारा साझा की गई तस्वीरों में वह बहुत खुश नजर आ रही थीं, लेकिन इसी बीच बदकिस्मती से उनका एक्सीडेंट हो गया और अब उन्हें अपनी ट्रिप को खत्म कर वापस लौटना पड़ रहा है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो मुनमुम दत्ता 2008 से ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ से जुड़ी हुई हैं। इसके अलावा, उन्होंने कमल हासन की ‘मुंबई एक्सप्रेस’ और 2006 की फिल्म ‘हॉलीडे’ में भी अभिनय किया है।