तीसरे टेस्ट मैच के लिए टीम इंडिया का ऐलान

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 मैचों की सीरीज का तीसरा टेस्ट गुरुवार से सिडनी में खेला जाएगा. मैच से एक दिन पहले टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया गया है. रोहित शर्मा की वापसी हुई है. वह टीम के उपकप्तान हैं. अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में भारतीय टीम के सामने सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG) पर 43 साल बाद टेस्ट में जीत हासिल करने की चुनौती है. तेज गेंदबाज नवदीप सैनी डेब्यू करेंगे.

मौजूदा सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबर है. नियमित कप्तान विराट कोहली की गैरमौजूदगी में भारतीय टीम ने मेलबर्न टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से मात दी थी. इससे पहले टीम इंडिया को एडिलेड में हार का सामना करना पड़ा था, जहां उसे दूसरी पारी में 36 रनों पर आउट होने की शर्मिंदगी झेलनी पड़ी थी.

सिडनी टेस्ट: प्लेइंग इलेवन इस प्रकार है:-अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रोहित शर्मा (उपकप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, हनुमा विहारी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडे़जा, रविचंद्रन अश्विन, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, नवदीप सैनी (डेब्यू).

 

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के दौरान चोट लगने के कारण रोहित ऑस्ट्रेलिया दौरे में सीमित ओवरों की सीरीज और पहले दो टेस्ट मैचों में नहीं खेल पाए थे. सिडनी टेस्ट में सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल की जगह उन्हें मौका मिला है. दोनों टेस्ट में अग्रवाल की बल्लेबाजी अच्छी नहीं रही, वह 17, 9, 0 और 5 रनों की पारियां खेल पाए थे.

तेज गेंदबाज नवदीप सैनी को सिडनी टेस्ट में मौका मिला है. मोहम्मद शमी के चोटिल होने के बाद शार्दुल ठाकुर और टी. नटराजन भी दावेदार थे. लेकिन सिडनी की पिच के हालात को देखते हुए सैनी को मौका दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *