आरजेडी के पूर्व नेता की हत्या मामले में तेजस्वी और तेजप्रताप समेत 6 के खिलाफ एफआईआर दर्ज

बिहार में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) को बड़ा झटका लगा है। पूर्णिया ज़िले में रविवार को राजद के पूर्व प्रदेश सचिव शक्ति मलिक की गोली मारकर हत्या किए जाने के संबंध में राजद नेता तेजस्वी यादव, तेजप्रताप यादव और अनिल साधु समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
रिवार की ओर से दर्ज बयान के आधार पर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव, एससीएसटी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार साधु पासवान, अररिया के आरजेडी नेता कालो पासवान समेत छह लोगों पर षड़यंत्र के तहत हत्या कराने का आरोप लगाते हुए केहट थाने में मामला दर्ज कराया गया है. पूर्णिया के पुलिस अधीक्षक विशाल शर्मा ने एफआईआर फाइल करने की पुष्टि की है.

आरजेडी के अनुसूचित जाति-जनजाति प्रकोष्ठ के पूर्व सचिव शक्ति मलिक की रविवार सुबह अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. मृतक शक्ति की पत्नी खुशबू देवी ने इस मामले में रविवार शाम तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव और अनिल कुमार साधु समेत 6 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है. परिजनों का आरोप है कि ये लोग शक्ति को जान से मारने की धमकी देते थे.

 

3 लोगों ने घुसकर मारा:-शक्ति मलिक की रविवार तड़के सुबह 3 नकाबपोश अपराधियों ने घर में घुस कर गोलियों से भूनकर हत्या कर दी और फिर वहां से फरार हो गए. उस वक़्त घर में सिर्फ बच्चे और पत्नी के अलावा ड्राइवर ही था. आनन फानन में शक्ति को सदर अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.शक्ति मलिक 2019 में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) में शामिल हुए थे और उसके बाद उन्हें पार्टी के अनुसूचित जाति-जनजाति प्रकोष्ठ का सचिव बनाया गया था.

 

तेजस्वी पर लगाए थे गंभीर आरोप:-हालांकि पिछले दिनों शक्ति मलिक की ओर से तेजस्वी यादव के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए थे. उन्होंने कहा था कि वह रानीगंज विधानसभा से चुनाव लड़ने के लिए जब तेजस्वी से मिले तो उन्होंने उनसे 50 लाख रुपये की मांग की. शक्ति ने यह भी आरोप लगाया कि तेजस्वी से मुलाकात के दौरान उन पर जातिसूचक टिप्पणी की गई.

शक्ति मालिक का पिछले दिनों एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें वह तेजस्वी यादव पर पैसे मांगने का आरोप लगाते नजर आ रहे थे. इस वायरल वीडियो में मलिक बता रहे थे कि वह किस तरीके से आरजेडी नेता अनिल कुमार साधु तेजस्वी से मिले थे और रानीगंज विधानसभा सीट से चुनाव के लिए टिकट की मांग की थी.

बिहार चुनाव के बीच शक्ति मलिक हत्याकांड में पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी चल रही है. आरजेडी के शीर्ष नेता पर एफआईआर दर्ज होना पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *