
कंपनी के मैनेजर से मांगा टेरर टैक्स… 17 थानों की पुलिस ने दी दबिश, आरोपी को कोर्ट तक पैदल ले गए
भिंड। जियो कंपनी के मैनेजर से टेरर टैक्स मांगने वाले आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया। पुलिस आरोपी को कोर्ट के गेट से अंदर तक पैदल ही ले गई। न्यायालय ने आरोपित को जेल भेज दिया है।मलखान पुत्र लालजी सिंह भदौरिया निवासी डोंगरपुरा हाल सीतानगर भिंड हत्या के मामले में ग्वालियर जेल में बंद था। एक माह पहले ही वह जमानत पर छूटकर भिंड आया है। भिंड आने के बाद उसने व्यापारियों से टेरर टैक्स के रूप में रुपयों की मांग शुरू कर दी।
मलखान सिंह जिले में फाइबर केबल लगाने वाली जियो कंपनी के मैनेजर पवन शाक्य पुत्र छिद्दीलाल शाक्य निवासी कंसाना गली पुरानी सब्जी मंडी बचपन स्कूल के पास दत्तपुरा मुरैना को बुलाकर पहले फ्री में दो कनेक्शन कराए। साथ ही जिले में काम करने के एवज में 1 लाख रुपये का टेरर टैक्स मांगा।
बताया जाता है, कि मैनेजर ने एक बार रुपये दे भी दिए, लेकिन मलखान सिंह की डिमांड बढ़ने लगी। जब मैनेजर ने मना किया तो घर पर बुलाकर मारपीट कर जातिसूचक गालियां दी। मैनेजर गुरुवार को एसपी ऑफिस में डॉ. असित यादव से मिले और मामले की शिकायत की। बताया जाता है कि अवैध वसूली की शिकायत एसपी को अन्य दो-तीन लोगों ने भी की थी। इसके बाद पुलिस एक्शन मूड़ में आ गई।
पुलिस अधिकारियों की मानें पहले पुलिस ने आरोपी मलखान सिंह भदौरिया को पकड़ लिया। इसके बाद एसपी ने गुरुवार रात देहात, कोतवाली, फूफ, सुरपुरा, अटेर, पावई, गोरमी, मेहगांव, मौ, अमायन, भारौली, बरासों, बरोही, ऊमरी, रौन और यातायात पुलिस को पुलिस लाइन में एकत्रित किया।
इसके बाद दो टीम बनाकर सीतानगर और वीरेंद्र नगर में डीएसपी दीपक तोमर, मेहगांव एसडीओवी संजय कोच्छा और अटैर एसडीओपी के नेतृत्व में पुलिस ने दबिश दी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक तलाशी के दौरन कुछ कारतूस जब्त कर लाई है।
पैदल न्यायालय तक ले गई पुलिस
शुक्रवार को देहात थाना टीआई आरोपित मलखान सिंह भदौरिया को जिला अस्पताल मेडिकल के लिए ले गए। इसके बाद जब वह पुलिस जीप से न्यायालय जा रहे थे, तो रास्ते में अचानक एसपी ऑफिस के पास गाड़ी खराब हो गई। इसके बाद पुलिस आरोपी को पैदल ही न्यायालय तक ले गई है।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था। यहां से कोर्ट ने आरोपी को फिर से ग्वालियर जेल भेज दिया है। – मुकेश शाक्य, टीआई, थाना देहात