
तेंदुआ घर में घुस आए तो आप क्या करेंगे? जाहिर है डर के मारे थर-थर कापेंगे या फिर ऐसी जगह छिप जाएंगे कि वह आप तक पहुंच ना पाए। लेकिन सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसने लोगों को हैरान कर दिया। दरअसल एक बच्चा कमरे के सोफे पर बैठकर मजे से फोन चला रहा था कि तभी दरवाजे से एक तेंदुआ घर में घुस आया।
ऐसे में जैसे ही तेंदुआ घर के थोड़ा अंदर जाता है तो बच्चा फुर्ती से कमरे का दरवाजा बंद करके बाहर चला जाता है और मदद आने तक तेंदुए वहीं बंद रखता है। रिपोर्ट के अनुसार, यह मामला महाराष्ट्र के मालेगांव का है, जहां 12 साल के मोहित आहिरे ने मंगलवार सुबह मदद आने तक जंगली जानवर को एक ऑफिस केबिन में बंद रखने में सफल रहा।
बच्चे ने तेंदुए को घर में कर दिया बंद
इस सीसीटीवी फुटेज में हम देख सकते हैं कि दरवाजे के पास सोफा है। उस पर बच्चा बैठा मोबाइल चला रहा है। घर का दरवाजा बंद है, थोड़ी देर बाद एक तेंदुए घर में दाखिल होता है। बच्चा उसे देखता है, लेकिन तेंदुए बच्चे को नहीं देखता। ऐसे में जैसे ही तेंदुआ घर में थोड़ा अंदर जाता है तो लड़का चतुराई से पीछे से दरवाजा बंद करके घर से बाहर निकल जाता है। उसकी यही समझदारी और तेजी लोगों का दिल जीत रही है।
इंटरनेट पर वायरल हो रहा है वीडियो
यह वीडियो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर शेयर किया जा रहा है। इंस्टाग्राम पर इसे @wildtrails.in नाम के यूजर ने पोस्ट करते हुए बच्चे की बहादुरी की तारीफ की। उन्होंने कैप्शन में लिखा – समझदार और बहादुर बच्चा। तेंदुए घर में घुसा तो बच्चे ने चतुराई से दरवाजा बंद कर दिया। खबर लिखे जाने तक इस रील को 1 लाख से अधिक व्यूज और लगभग तीन हजार लाइक्स मिल चुके हैं। वहीं पब्लिक बच्चे की तारीफ कर रही है। जबकि कुछ मौज लेते हुए लिख रहे हैं कि तेंदुए की नाक खराब है!