6.78 लाख मतदाताओं के रिकॉर्ड सुधार का काम अंतिम चरण में, 98.82% प्रक्रिया पूरी; फॉर्म-6 से दोबारा जुड़ सकेंगे नाम, 21 फरवरी को फाइनल लिस्ट

एसआईआर (मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण) का काम जिले में अंतिम चरण में है। जिला निर्वाचन कार्यालय ने 6,78,745 मतदाताओं के लिए नोटिस जारी किए थे। सूची में इनके नाम नहीं थे, गलती थी या मौके पर नहीं मिले थे। इनमें से 6,76,143 (99.62%) की सुनवाई पूरी हो चुकी है

सिर्फ 2602 (0.38%) की सुनवाई होना बाकी है। ईआरओ-एईआरओ स्तर पर पेंडेंसी 27,917 (1.15%) है। इस तरह फाइनल मतदाता सूची का काम 98.82% पूरा हो चुका है। ड्रॉफ्ट और पब्लिक मतदाता में अंतर- 28741 है। फाइनल सूची का प्रकाशन 21 फरवरी को होगा। वहीं जिन मतदाता के नाम हट गए या रोके गए हैं, वे फॉर्म-6 के जरिए फाइनल सूची के बाद भी नाम जुड़वा सकते हैं।

विधानसभा क्षेत्रवार मतदाताओ‌ं की बात करें तो सबसे ज्यादा पेंडेंसी इंदौर-5 में है। यहां ईआरओ, एईआरओ के स्तर पर 14213 की पेंडेंसी है, वहीं देपालपुर, महू, सांवेर में 100 प्रतिशत सुनवाई हो चुकी है। शहरी विधानसभा क्षेत्र में इंदौर 1,3,5 और राऊ में सबसे ज्यादा नोटिस जारी हुए। इसका कारण माइग्रेशन, डुप्लीकेट एंट्री और किराएदार आबादी रही। इस तरह जिले में एसआईआर का असर सीमित रहा है और बड़े पैमाने पर नाम कटौती नहीं हुई है

नवंबर में शुरू हुआ था सर्वे

इंदौर जिले में मदताताओं (मतदाता) का एसआईआर सर्वे यानी घर-घर मतदाता सूची का विशेष गहन सर्वे नवंबर 2025 से शुरू किया गया था। इसमें बूथ-लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाता सूची की जांच, अपडेट और नए मतदाताओं के नाम जोड़ने/गलत नाम हटाने का काम कर रहे ।

कुछ सवाल, जिनके जवाब जानना जरूरी है

जिनके नाम हटे या रोके गए, क्या वे दोबारा जुड़ सकते हैं?

हां। फाइनल सूची के बाद भी फॉर्म-6 से नाम जुड़वाया जा सकता है। सही दस्तावेज देने पर नाम दोबारा शामिल हो सकता है। यह प्रक्रिया लगातार अपडेटिंग के तहत वैध है।

नए मतदाता (18+) अब क्या करें?

उन्हें फॉर्म-6 भरना होगा। इसी के साथ उम्र और निवास प्रमाण जरूरी होगा। वे इसके लिए ऑनलाइन (वोटर हेल्पलाइन / एनवीएसपी) या बीएलओ के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।

नाम है, लेकिन पता / फोटो / उम्र गलत है?

उन्हें फॉर्म-8 के जरिए सुधार करवाना होगा। एसआईआर खत्म होने के बाद भी यह सुविधा जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *