शादी को लेकर खुश था दूल्हा फिर क्या हुआ कि शादी के चौथे दिन कर ली आत्महत्या ?


हरदोई (यूपी). : शादी के चौथे दिन युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। दूल्हे के इस कदम के बाद परिजनों का बुरा हाल है। परिजन चुप हैं वहीं दुल्हन सदमे में है और दुल्हन बार-बार बेहोश हो रही थी। यह घटना कासिमपुर थाना इलाके के भीटी गांव की है। यहां शादी के चौथे दिन ही युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा कि लड़के ने ऐसा क्यों किया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूचना पर कासिमपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना को लेकर परिजन सकते में हैं और फिलहाल चुप्पी साधे हैं। प्रभारी निरीक्षक महेश चंद्र ने बताया कि परिजन कोई आरोप नहीं लगा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

खेत के पेड़ पर लटका मिला शव

भीटी का श्रवण कुमार गांव में खेती करता था। एक जुलाई को उसकी शादी गाजीपुर जनपद के सदियाबाग थाना क्षेत्र के बादशाहपुर गांव के सुभाष की पुत्री पुष्पा के साथ हुई। दो जुलाई को बारात दुल्हन के साथ वापस गांव आई थी। सोमवार देर रात तक परिवार में शादी की खुशी में गाना बजाना हुआ और इसके बाद परिजन सो गए। मंगलवार सुबह ग्रामीण खेत की तरफ गए तो श्रवण का शव गांव के ही एक किसान के खेत में लगे चिलबिल के पेड़ से गमछे से बने फंदे से लटकता देखा।

बार-बार बेहोश हो रही दुल्हन

दुल्हन पुष्पा 2 जुलाई को ही भीठी आई थी। जिंदगी खुशगवार रहेगी, ये शुभकामनाएं उसे न सिर्फ मायके से मिली थीं, बल्कि रविवार को दिन भर ससुरालीजनों ने भी उसे आशीर्वाद दिया था। सोमवार को दिनभर ढोलक की थाप पर मंगल गीत गूंजे, लेकिन मंगलवार सुबह पति श्रवण की मौत की जानकारी से पुष्पा बदहवास हो गई। वह बार बार गश खाकर गिरती रही। परिजनों ने किसी तरह उसे संभाला। अभी तक समझ नहीं आ रहा कि आखिर ऐसी क्या बात हुई कि श्रवण ने आत्महत्या कर ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *