इंदौर। इंदौर में चौथी क्लास के छात्रों में हुआ विवाद, तीन बच्चों ने मिलकर सहपाठी छात्र पर राउंडर से किए शरीर में 150 छेद

इंदौर। एक नामचीन स्कूल में खेल-खेल में बच्चों के बीच आपसी विवाद का मामला सामने आया है। घटना में 3 बच्चों ने मिलकर एक बच्चे के शरीर में राउंडर से 150 छेद कर घायल कर दिया।

यह घटना एरोड्रम थाना क्षेत्र के गरिमा विद्या विहार स्कूल की बताई जा रही है। यहां 4 बच्चे आपस में खेल रहे थे उसी दौरान एक बच्चे पर 3 बच्चों ने मिलकर हमला कर दिया। मामले में बच्चे के परिजनों ने स्कूल में शिकायत की तो प्रिंसीपल ने छुट्टियां लगने की बात कहकर पल्ला झाड़ना चाहा और कहा कि स्कूल शुरू होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

बच्चे के परिजन एरोड्रम थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायती आवेदन दिया। इस पर बच्चे का मेडिकल होने के बाद कार्रवाई की बात कही गई। बच्चे के पिता ने बताया कि शुक्रवार की घटना है। मेरा बच्चा चौथी क्लास में पढ़ता है और जिनसे विवाद हुआ वे भी चौथी क्लास के ही बच्चे हैं। प्रिंसीपल से शनिवार को बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने मंगलवार को आने की बात कही है।

गौरतलब है कि पिछले दिनों भी शहर की एक नामचीन स्कूल सेंटपॉल में बच्चों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें 11वीं के छात्र ने अपने बाहर के कुछ साथियों को बुलाकर 9वीं के छात्र को सरिए से पीटा था। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया था। घटना में 9वीं के छात्र की एक आंख पर गहरी चोट लगी थी। घायल छात्र भाजपा पार्षद पंखुड़ी डोसी का भतीजा बताया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *