
इस हालत में युवक का शव बरामद हुआ है।
सेंट्रल नोएडा में क्रिकेट खेलने के दौरान विवाद हो गया। इस दौरान मारपीट होने लगी। कुछ युवक एक युवक को पीटने लगे। युवक आरोपियों से जान बचाकर भाग रहा था, इसी दौरान वह नाले में गिर पड़ा। मौके पर पहुंचे अन्य युवकों ने ईंट से हमला कर युवक की हत्या कर दी। शव को नाले में फेंक कर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर दो नामजद सहित तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बिसरख थाना क्षेत्र के चिपियाना बुजुर्ग में साइ उपवन कॉलोनी के पास कुछ युवक मैच क्रिकेट मैच खेल रहे थे। यह सभी लोग एक ही कॉलोनी के थे और आपस में एक दूसरे को जानते थे। मूल रूप से मेरठ के जानी निवासी सुमित (24) ग्रेटर नोएडा वेस्ट के साईं उपवन में परिवार के साथ रहता है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
क्रिकेट खेलने को लेकर हुआ विवाद
सुमित कैब चलाकर गुजारा करता है। रविवार को सुमित कॉलोनी के हिमांशु सहित अन्य लड़कों के साथ क्रिकेट खेलने गया था। क्रिकेट खेलने के दौरान सुमित का दूसरे पक्ष के युवक हिमांशु से विवाद हो गया दोनों पक्षों में मारपीट हुई।
सुमित जान बचाकर भागा.. नाले में गिरा
इस दौरान दूसरे पक्ष के युवक अधिक होने के कारण हावी हो गए। हिमांशु व अन्य लड़कों ने मिलकर सुमित को पीटना शुरू कर दिया। इसके चलते सुमित वहां से जान बचाकर भागने लगा। तभी सामने नाला देखकर सुमित ने छलांग लगाकर नाले को फांदकर उस पार जाने का प्रयास किया। लेकिन इसी प्रयास में वह नाले में गिर गया।

इसी जगह पर युवक की लाश मिली थी।
सिर पर ईंट से किया हमला… मौके पर मौत
इसके बावजूद आरोपियों ने उसे बचाने का प्रयास करने के बजाय ईंट से हमला कर दिया। सिर में ईंट लगने से सुमित की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने सूचना पर घटना स्थल पर पहुंचकर सुमित के शव को नाले से बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। बिसरख पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर दो नामजद सहित तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दो नामजद सहित तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
सेंट्रल नोएडा के एडिशनल डीसीपी हिरदेश कठेरिया ने बताया कि क्रिकेट खेलने के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद में एक युवक के साथ कुछ युवकों ने मारपीट की और ईंट से उसके सिर पर वार कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई और उसका शव नाले में गिर गया। फिलहाल इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया, आरोपियों की तलाश की जा रही है।