उज्जैन में सरदार पटेल की मूर्ति गिराने पर दो पक्षों में हुआ जमकर पथराव, कई वाहनों में लगाई आग – देखे VIDEO

उज्जैन के माकड़ोन इलाके में गुरुवार सुबह दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद सरदार वल्लभ भाई पटेल की मूर्ति उखाड़कर तोड़फोड़ करने पर हुआ। एक पक्ष के लोगों ने ट्रैक्टर चढ़ाकर मूर्ति गिरा दी। फिर रॉड और पत्थर मारकर मूर्ति में तोड़फोड़ की। इससे दूसरा पक्ष नाराज हो गया।

दोनों पक्षों में पथराव और लाठियां चलीं। उग्र भीड़ ने कई गाड़ियों में भी तोड़फोड़ कर दी। कुछ गाड़ियों में आग लगा दी। कई दुकानों में भी पथराव किया गया है। पथराव में सब इंस्पेक्टर लालचंद शर्मा घायल हुए हैं। कुछ और लोगों को भी चोट आई हैं।

माकड़ोन मंडी गेट और बस स्टैंड के पास जमीन खाली पड़ी है। भीम आर्मी चाहती है कि यहां डॉ. आंबेडकर की मूर्ति लगाई जाए। जबकि, पाटीदार समाज के लोग सरदार पटेल की मूर्ति लगाने की मांग करते आ रहे हैं। मामला पंचायत में विचाराधीन है।

बुधवार रात किसी ने इस जमीन पर सरदार पटेल की मूर्ति स्थापित कर दी। दूसरे पक्ष के लोगों को इसका पता चला तो वे सुबह जमा हो गए और मूर्ति गिरा दी। इस बात पर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए।

तराना और उज्जैन से पहुंचा पुलिस बल

माकड़ोन के अलावा उज्जैन और तराना से भी भारी तादाद में पुलिस बल मौके पर पहुंचा है। एडिशनल एसपी नितेश भार्गव भी मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों को पुलिस ने समझाकर शांत कराया। एहतियातन मौके पर पुलिस फोर्स तैनात है। लोगों को समझाइश दे रही है।

उज्जैन में सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा को ट्रैक्टर चढ़ाकर गिरा दिया गया।

BJP ने की थी पटेल की मूर्ति लगाने की घोषणा

स्थानीय लोगों ने बताया कि वार्ड क्रमांक 2, 8 और 9 के बीच जमीन विवादित है। यहां आसपास डॉ. आंबेडकर को मानने वाले लोग बड़ी संख्या में रहते हैं। वे चाहते हैं कि यहां डॉ. आंबेडकर की मूर्ति लगे। बीते दो चुनाव से BJP ने विवादित जगह पर सरदार पटेल की प्रतिमा लगाने की घोषणा की थी। नए बस स्टैंड का नाम डॉ. आंबेडकर रख दिया।

प्रतिमा गिराने और तोड़ने पर दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई। इस पर पथराव शुरू हो गया।

उग्र भीड़ ने कई दुकानों पर पथराव किया। कुछ गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया।

पथराव करने वालों ने जय भीम के नारे भी लगाए। इनमें युवक-युवतियां और महिला-पुरुष शामिल हैं।

 

भीड़ ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर पत्थर मारे और रॉड से भी वार किए।

गंभीर लापरवाही पाए जाने पर माकड़ोन थाना प्रभारी भीम सिंह देवड़ा निलंबित। घटना में घायल सब इन्स्पेक्टर लालचन्द शर्मा का उपचार जारी।एसपी कलेक्टर मौके पर पहुँचे। स्थिति नियंत्रण में।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *