
मई का महीने बस कुछ ही दिनों में खत्म होने वाला है. इसके बाद जून की शुरुआत हो जाएगी. हर महीने की पहली तारीख को देश में कुछ बदलाव होते हैं. एक जून से भी कई बदलाव होने जा रहे हैं, जो सीधे आपकी जेब पर असर डालेंगे. इसलिए जून महीने की शुरुआत होने से पहले ही जान लीजिए कि क्या बदलाव होने वाले हैं और आप पर इनका क्या असर पड़ेगा. रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में पेट्रोलियम कंपनियां बदलाव कर सकती हैं. इसके अलावा और भी कई बदलाव होंगे.
रसोई गैस की कीमतों में हो सकता है बदलाव
सरकारी तेल कंपनियां हर महीने पहली तारीख को रसोई गैस की कीमतों में बदलाव करती हैं. हर महीने की एक तारीख को LPG गैस की कीमतें तय होती हैं. अप्रैल और मई महीने की पहली तारीख को 19 किलो वाले कमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर के दाम में कटौती की गई थी. हालांकि, 14 किलो वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में किसी भी तरह का बदलाव नहीं हुआ था. मार्च के महीने में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 50 रुपये तक की कटौती की गई थी.
बदल सकती हैं CNG-PNG की कीमतें
रसोई गैस सिलेंडर की तरह हर महीने की पहली तारीख को CNG-PNG की कीमतों में भी बदलाव होता है. पेट्रोलियम कंपनियां दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों में CNG-PNG की कीमतों में बदलाव करती हैं. अप्रैल में दिल्ली और मुंबई में CNG-PNG की कीमतों में कटौती हुई थी. हालांकि, मई की पहली तारीख को कई भी बदलाव नहीं हुआ था. ऐसे में आम लोगों की नजरें एक तारीख को पर टिकी हैं और वो CNG-PNG की कीमतों में बदलाव की उम्मीद कर रहे हैं.
इलेक्ट्रिक व्हीकल्स होंगे महंगे
एक जून से देश में इलेक्ट्रिक टू व्हीलर्स खरीदना महंगा हो जाएगा. यानी अगर आप एक जून के बाद इलेक्ट्रिक बाइक या स्कूटर खरीदने जाते हैं, तो आपको अधिक कीमत चुकानी होगी. 21 मई को जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, भारी उद्योग मंत्रालय ने FAME-II सब्सिडी राशि में बदलाव किया और इसे कम करके 10,000 रुपये प्रति kWh कर दिया है. वहीं, पहले यह राशि 15,000 रुपये प्रति kWh थी. इस वजह से अधिकतर इलेक्ट्रिक व्हीकल्स 25,000 रुपये से 35,000 रुपये तक महंगे हो सकते हैं.
रिजर्व बैंक का अभियान
एक जून से रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया देश के बैंकों में जमा अनक्लेम्ड अमाउंट को सेटल करने के लिए अभियान शुरू करने जा रहा है. अभियान का नाम ‘100 दिन 100 भुगतान’ नाम दिया गया है. रिजर्व बैंक ने इस संबंध में बैंकों को सूचित कर दिया है. इस अभियान के तहत 100 दिन में 100 अनक्लेम अमाउंट को सेटल किया जाएगा.