WhatsApp के जरिये करें बिल पेमेंट और करवाएं FD, इस बैंक ने शुरू की सुविधा

       

निजी क्षेत्र के ICICI Bank ने मैसेजिंग एप WhatsApp के जरिए दी जाने वाली सेवाओं के विस्तार की गुरुवार को घोषणा की। बैंक के मुताबिक अब ग्राहक WhatsApp के जरिए फिक्स्ड डिपोजिट (FD) करवा सकते हैं, यूटिलिटी बिल्स का भुगतान कर सकते हैं और ट्रेड फाइनेंस के विवरण तत्काल एक्सेस कर सकते हैं। ICICI Bank की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह दावा किया गया है कि वह WhatsApp के जरिए ये सेवाएं उपलब्ध कराने वाला इंडस्ट्री का पहला बैंक बन गया है। बैंक ने बताया है कि इन नई सेवाओं के साथ WhatsApp के जरिए ग्राहकों को दी जाने वाली बैंकिंग सर्विसेज की संख्या 25 तक पहुंच गई है।

ICICI Bank के डिजिटल चैनल्स के हेड बिजीथ भास्कर (Bijith Bhaskar) ने कहा कि लोगों की लाइफ में सोशल मीडिया की बढ़ती भागीदारी को देखते हुए बैंक ने यह सेवा शुरू की है। उन्होंने कहा, हमारा मानना है कि WhatsApp पर बैंकिंग की सुविधा हमारे ग्राहकों को पसंद आएगी और इससे उन्हें काफी सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि छह महीने की छोटी अवधि में 20 लाख से अधिक ग्राहकों ने ICICI Bank के व्हाट्सऐप बैंकिंग सर्विस को अपनाया है। उन्होंने कहा कि ICICI Bank के व्हाट्सऐप बैंकिंग सर्विस अब रिटेल (Retail), एनआरआई (NRI), कॉर्पोरेट (Corporate) और एमएसएमई (MSMEs) ग्राहकों के लिए उपलब्ध है।

 

ऐसे करें WhatsApp Banking का इस्तेमाल:-ICICI Bank के व्हाट्सऐप बैंकिंग सर्विस का इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले आपको ICICI Bank का वेरिफाइड व्हाट्सऐप नंबर 86400 86400 अपने स्मार्टफोन में सेव करना होगा। इसके बाद आपको इस नंबर पर बैंक में रजिस्टर्ड अपने मोबाइल नंबर से व्हाट्सऐप पर हाई (Hi) लिखकर सेंड करना होगा। इसके बाद बैंक आपको व्हाट्सऐप बैंकिंग सर्विस की लिस्ट और उसका कीवर्ड भेजेगी। इसके बाद आप जिस सर्विस को इस्तेमाल करना चाहते हैं उसका कीवर्ड (keyword) टाइप करके इस नंबर पर भेजना होगा। इस तरह आप व्हाट्सऐप पर उस सेवा का इस्तेमाल कर पाएंगे।

 

ऐसे करें फिक्स्ड डिपॉजिट (FD):-ICICI Bank की यह सेवा कस्टमर्स को तुरंत फिक्स्ड डिपोजिट (FD) करने की सुविधा देती है। इसके लिए आप बैंक के व्हाट्सऐप नंबर पर फिक्स्ड डिपोजिट का कीवर्ड टाइप करें। सबसे पहेल FD टाइप करें फिर फिक्स्ड डिपॉजिट लिखें और FD राशि चुनें। यह राशि 10,000 रुपये से लेकर 1 करोड़ रुपये तक हो सकती है। इसके बाद FD कितने समय के लिए कराना चाहते हैं उसकी अविध (Tenure) का चयन करें। ऐसा करते ही विभिन्न आपके मोबाइल स्क्रीन पर Tenure के हिसाब से ब्याज दरें (Interest rates) और मैच्योर होने पर आपको कितने पैसे मिलेंगे डिस्प्ले हो जाएगा।

 

ऐसे करें बिल का पेमेंट:-ICICI Bank के कस्टमर अब व्हाट्सऐप के जरिए बिजली, रसोई गैस और पोस्टपेड मोबाइल कनेक्शन जैसे बिलों का पेमेंट आसानी से कर सकेंगे। बिजली बिल के भुगतान के लिए ग्राहक को बिजली बोर्ड और उपभोक्ता संख्या प्रदान करना होगा। वहीं, मोबाइल बिल का भुगतान करने के लिए फोन नंबर और नेटवर्क की पुष्टि करनी होगी। इसके अलावा कुकिंग गैस बिल का भुगतान करने के लिए, ग्राहक को गैस प्रदाता कंपनी का नाम और कस्टमर आईडी देनी होगी। इसके बाद आपको कीवर्ड पे बिल्स (pay bills) टाइप करना होगा बिजली, गैस, मोबाइल पोस्टपेड टाइप करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *