
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के अनुसार, अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी अब ना सिर्फ भारत, बल्कि एशिया के सबसे अमीर शख्स हैं। उन्होंने देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मुकेश अंबानी को भी पीछे छोड़ दिया है।
इतनी है अंबानी और अडानी की संपत्ति
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के अनुसार मंगलवार को अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी की संपत्ति 88.5 अरब डॉलर हो गई। इसी के साथ वे दुनिया के 10वें सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। मुकेश अंबानी की बात करें, तो दुनिया के शीर्ष अरबपतियों में वे अब 11वें स्थान पर आते हैं। अंबानी 87.9 अरब डॉलर के मालिक हैं।
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स (Bloomberg Billionaire’s Index) में गौतम अडानी 10वें और मुकेश अंबानी उनके ठीक नीचे 11वें नंबर पर हैं। इसमें पहले नंबर पर एलन मस्क ($235B), दूसरे नंबर पर जेफ बेजोस ($183B), तीसरे नंबर पर बर्नार्ड अरनॉल्ट ($168B), चौथे नंबर पर बिल गेट्स ($129B), पांचवें नंबर पर लैरी पेज ($124B), छठें नंबर पर सर्गी ब्रिन ($119B), सातवें नंबर वॉरेन बफेट ($115B), आठवें नंबर पर स्टीव बाल्मर ($108B) और नौवें नंबर पर लैरी एलिसन ($99.5B) हैं।
14 सालों से भारत के सबसे अमीर शख्स थे अंबानी
उल्लेखनीय है कि अंबानी पिछले 14 सालों से भारत के सबसे अमीर शख्स थे। साल 2015 में सन फार्मा के बॉस दिलीप शांगवी ने एक छोटी अवधि के लिए भारत के सबसे रईस शख्स बने थे, लेकिन फिर अंबानी दोबारा पहले स्थान पर वापस आ गए। मालूम हो कि पिछले एक साल में गौतम अडानी की संपत्ति में 12 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है और इसके विपरीत मुकेश अंबानी की संपत्ति में इसी अवधि के दौरान करीब 2.07 अरब डॉलर की गिरावट आई है।