
टीवी एक्ट्रेस लीना आचार्य का शनिवार को दिल्ली में निधन हो गया. लीना की मौत किडनी फेल होने की वजह से हुई. लीना आचार्य ने कई मशहूर टीवी शो और वेब सीरीज में काम किया. लीना के निधन की खबर सुनकर फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।
लीना आचार्य पिछले डेढ़ साल से किडनी की बीमारी से पीड़ित थीं। उनकी मां ने कुछ समय पहले अपनी किडनी दान की थी, लेकिन इससे भी लीना की जान नहीं बच पाई। और आखिरकार शनिवार को उन्होंने अस्पताल में दम तोड़ दिया। लीना के साथ काम कर चुके कलाकारों को अब भी इस बात पर यकीन नहीं हो रहा है।
पहले खबरें ऐसी भी आई थीं कि लीना आचार्य की मौत कोरोना वायरस की वजह से हुई लेकिन बाद में साफ हुआ कि इसके पीछे की वजह किडनी फेल होना है। लीना के परिवार वाले इस घटना के बाद से सदमे में हैं।
मशहूर अभिनेता रोहन मेहरा ने लीना को याद करते हुए अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में उनके साथ अपनी एक तस्वीर साझा की है। रोहन ने लिखा, ‘आपकी आत्मा को शांति मिले लीना मैडम। बीते साल हम इस समय एक साथ क्लास ऑफ 2020 की शूटिंग कर रहे थे। आप बहुत याद आएंगी।’
अपनी मौत से कुछ दिन पहले लीना आचार्य ने एक इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट लिखा था। इसमें एक तस्वीर पर लिखा था, ‘चंद सांसें ही हैं जो उड़ा ले जाएंगी और इससे ज्यादा मौत क्या ले जाएगी।’ अब लीना की इस पोस्ट पर लोग खूब कमेंट कर रहे हैं।