
आईपीएल के 14वें सीजन को स्थगित कर दिया गया है. दरअसल आईपीएल के इस सीजन में कोरोना ने एंट्री मार ली थी. जिसकी चपेट में कई खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ आ गए. कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए इसे स्थगित करने का फैसला लिया गया. इस समय देश कोरोना की दूसरी लहर से जंग लड़ रहा है. ज्यादातर शहरों में लॉकडाउन लगा हुआ है. अस्पताल मरीजों से भरे हुए हैं. इस बीच चेन्नई सुपर किंग्स के स्टार खिलाड़ी सुरेश रैना ने आईपीएल को स्थगित किए जाने के बीसीसीआई के फैसले का समर्थन करते हुए ट्वीट किया और कहा कि यह अब मजाक नहीं है.
सुरेश रैना ने ट्वीट किया, ‘यह अब मजाक नहीं है. इतने सारे जीवन दांव पर लगे और जीवन में कभी इतना असहाय महसूस नहीं किया. चाहे हम कितनी भी मदद करना चाहें, लेकिन वाकई में हमारे पास संसाधन खत्म हो चुके हैं. इस देश का हर एक व्यक्ति जीवन बचाने के लिए एक-दूसरे के साथ खड़े रहने के लिए, सलाम का हकदार है.’
गौरतलब है कि कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के वरुण चक्रवर्ती और संदीप वारियर सोमवार को कोरोना संक्रमित पाए गए थे. चेन्नई सुपरकिंग्स के लक्ष्मीपति बालाजी और सपोर्ट स्टाफ भी सोमवार को कोविड पॉजिटिव पाए गए. सनराइजर्स हैदराबाद के विकेटकीपर-बैट्समैन ऋद्धिमान साहा मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव पाए गए. माइक हसी भी बीते दिन वायरस की चपेट में आ गए.
जिसके बाद खिलाड़ी विशेषकर विदेशी क्रिकेटर असहज महसूस कर रहे थे, लेकिन कई टीम फ्रेंचाइजी का कहना था कि इस महामारी के बढ़ते खतरे के बावजूद IPL जारी रहना चाहिए.बताते चलें कि इस साल की यह लीग 9 अप्रैल को शुरू हुई थी. देश में कोरोना के मामलों के बढ़ने के बाद IPL जारी रखने को लेकर इसकी निंदा भी खूब हो रही थी. कई पूर्व खिलाड़ी व अन्य क्षेत्रों से जुड़ी हस्तियां लीग को रोकने का समर्थन कर रही थीं.