
त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग में छात्रा स्नेहा जाट और दीपक जाट की गोली मारकर हत्या करने के बाद आत्महत्या करने वाले आरोपी अभिषेक यादव ने जो पिस्टल उपयोग की थी, वह निमाड़ के सिकलीगरों द्वारा बनाई गई होना पता चली है। पुलिस पड़ताल में जुटी है कि पिस्टल किस सिकलीगर ने इंदौर भेजी थी। जो पिस्टल जब्त की है, वह खरगोन-बड़वानी और अंजड़ इलाके के सिकलीगरों द्वारा बनाई जाने वाली पिस्टल से हूबहू मिलती है।
18 से 20 मिनट के वीडियो में तीनों में पहले बहस हुई थी
स्वामी नारायण मंदिर से जब्त हुई डीवीआर में हत्या का लाइव वीडियो मिला है। वीडियो वीभत्स बताते हुए पुलिस ने वायरल नहीं किया। वीडियो के अनुसार तीनों मंदिर में 20 मिनट चर्चा करते हैं, फिर इनके बीच विवाद हुआ। मंदिर बंद होने का बोलकर पुजारी ने तीनों को परिसर से बाहर जाने की हिदायत दी।
तभी अभिषेक ने दीपक पर पिस्टल तानकर फायर कर दिया। दो फायर के बाद दीपक गिरा तो स्नेहा उससे लिपट गई। उठकर वह अभिषेक से चिल्लाते हुए बात करती दिख रही है। इस दौरान स्नेहा को भागने का मौका मिला, लेकिन अभिषेक ने उस पर भी दो फायर कर दिए। एक फायर मिस हुआ था। फिर अभिषेक ने अरिंहत कॉलेज में जाकर खुद को गोली मार ली।
पिस्टल देने वाले की जल्द होगी पहचान
एसीपी जूनी इंदौर देवेंद्र सिंह धुर्वे ने बताया कि तीनों की काॅल डिटेल भी मिल गई है। हमारी टीमें अभिषेक के पास आई पिस्टल को लेकर जांच कर रही है। जल्द ही पिस्टल देने वालों को भी गिरफ्तार करेंगे।