
कोरोना संक्रमण के बढ़ती भयावहता पर रोज ही नई-नई बातें सामने आ रही हैं और लोगों में पैनिक क्रिएट हो रहा है, हालांकि सरकार के प्रयास इसके प्रसार को रोकने के लिए जारी हैं मगर रोज ही कोरोना संक्रमण के आंकड़े बढ़कर सामने आ रहे हैं, इस सबके बीच सोमवार को नीति आयोग सदस्य वीके पॉल ने कहा, ‘अब वक्त आ गया है, जब हमें घर के अंदर परिवार के साथ रहते हुए भी मास्क पहनना चाहिए। साथ ही इस बात का भी ध्यान रखें कि मेहमानों को घर पर न बुलाएं।’
उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में टीकाकरण कार्यक्रम को प्रभावित नहीं होने दे सकते. वास्तव में वैक्सीनेशन को बढ़ाया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि महिलाएं माहवारी के समय भी वैक्सीन का टीका लगवा सकती है. इस बारे में बहुत सारे सवाल पूछे जा रहे हैं और इसका जवाब हां है. माहवारी के समय भी महिलाएं वैक्सीन का टीका लगवा सकती है, टीकाकरण को टालने की कोई आवश्यकता नहीं है.
दूसरी ओर एम्स के डायरेक्टर रणदीप गुलेरिया ने कहा कि मौजूदा वक्त में ऑक्सीजन का बेहतर तरीके से इस्तेमाल करना बहुत महत्वपूर्ण है. बेवजह की अफरातफरी का माहौल बनाने की आवश्यकता नहीं है. उन्होंने कहा कि हमें संक्रमण के मामलों में कमी लानी होगी और अस्पताल के संसाधनों का बेहतर उपयोग करना होगा.
एम्स के निदेशक ने कहा कि अगर आपको कोविड के कोई भी लक्षण हों तो आप खुद को घर में आइसोलेट करें, रिपोर्ट आने का इंतजार न करें. कई बार RT-PCR टेस्ट निगेटिव भी आ सकता है, क्योंकि उसकी संवेदनशीलता 100% नहीं है. उस स्थिति में भी मानकर चलना चाहिए कि आपको कोरोना संक्रमण है और उसका इलाज करना चाहिए.
ऑक्सीजन के मुद्दे पर गृह मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव ने कहा कि भारत सरकार ने विदेशों से ऑक्सीजन टैंकर्स को खरीदने और किराए मंगाने के आदेश दिए हैं. ऑक्सीजन टैंकरों को ट्रांसपोर्ट करके लाना एक बड़ी चुनौती है, लेकिन केंद्र सरकार रियल टाइम ट्रैकिंग का उपयोग करते हुए ऑक्सीजन टैंकरों के मूवमेंट पर निगाह रख रही है.