
इंदौर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधानसभा 4 में निकल रही तिरंगा यात्रा पर जलती हुई वस्तु डीजे गाड़ी पर आकर गिरी। इसके बाद 50 से अधिक कार्यकर्ता छत्रीपुरा थाने पहुंचे। यहां यात्रा पर हमले को लेकर टीआई से चर्चा की गई। टीआई ने अलग-अलग टीमें बनाकर घटना स्थल पर भेजी। जहां के फुटेज देखने पर तीन युवक बाइक पर भागते हुए नजर आए।
टीआई कपिल शर्मा के मुताबिक घटना धार रोड़ के कैला माता मंदिर की है। यहां शुभम सिरवैया निवासी रविदासपुरा अपने साथियों के साथ तिरंगा यात्रा निकाल रहे थे। यह यात्रा लालबाग से शुरू होकर बाराभाई, कागदीपुरा से होते हुए सिलावटपुरा से कैला माता मंदिर होते हुए राजमोहल्ला जाने वाली थी। इसी दौरान अचानक यात्रा में चल रहे बैंड की चिलम से धुआं निकलने लगा। जिसमें आग लग गई। इस दौरान संग्राम सिंह नामक युवक ने आग बुझाने की कोशिश की जिसमें हाथ मामूली रूप से जल गया। इसके बाद कुछ लोगों ने अफवाह फैला दी कि यात्रा पर पेट्रोल बम फेंका गया। सूचना के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। जहां सीसीटीवी में तीन युवक भागते हुए दिखाई दिए। अफसरों के मुताबिक मौके पर मौजूद कुछ लोगो ने बताया कि किसी ने गाड़ी पर जलती हुई वस्तु आकर गिरने की जानकारी दी है। जिसे लेकर जांच की जा रही है।

चिलम में लगी आग बुझाते युवक
स्कूल के सामने हुआ घटनाक्रम
मामले में युवा मोर्चा से जुड़े शुभम सिरवैया ने बताया कि यात्रा जब दरगाह चौराहे के यहां थी तो उस पर पथराव हुआ। एक किलोमीटर दूर वहीं कैला माता मंदिर के सामने रोड़ पर वैष्णव गर्ल्स स्कूल के सामने से गुजर रही थी तो उस पर जलती हुई वस्तु फेंक दी।कुछ दूरी पर पुलिस को बाइक से भागते हुए युवकों के फुटेज मिले हैं। पुलिस पूरी घटना को संदिग्ध मानकर चल रही है। अफसरों ने इस मामले में यात्रा निकाल रहे सूरज को फुटेज भी दिखाए है। लेकिन उन्होंने संदिग्धों की पहचान नही हो पाई।